कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 13 जून 2017

Dvand Yuddh - 20

XX


उसी दिन – ये बुधवार को हुआ – रोमाशोव को संक्षिप्त सी सरकारी चिट्ठी मिली:
N – पैदल की अफसरों की अदालत सेकण्ड लेफ्टिनेंट रोमाशोव को छह बजे ऑफ़िसर्स मेस के हॉल में उपस्थित रहने का निमंत्रण देती है. ड्रेस – साधारण.
 -- अदालत का प्रेसिडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल मीगुनोव.

रोमाशोव अपनी अचानक आई दुखभरी मुस्कुराहट रोक न पाया, “ये ड्रेस – साधारण – शोल्डर स्ट्रैप वाली ट्यूनिक और रंगीन कमरबन्द के साथ – पहनी जाती थी ख़ास तौर से सर्वाधिक असाधारण परिस्थितियों में : मुक़दमे के समय, सार्वजनिक दंड के समय, और अधिकारियों द्वारा अप्रिय परिस्थितियों में बुलाए जाने पर.
छह बजे के क़रीब वह मेस में आया और अपने बारे में अदालत के प्रेसिडेंट को सूचना देने का कारिन्दे को हुक्म दिया. उसे इंतज़ार करने के लिए कहा गया. वह डाइनिंग हॉल में खुली खिड़की के पास बैठा, अख़बार हाथ में लिया और उसे पढ़ने लगा; शब्दों को न समझते हुए, बगैर किसी दिलचस्पी के, यंत्रवत् अक्षरों पर नज़र दौड़ाते हुए. तीन अफ़सरों ने, जो डाइनिंग रूम में थे, उसका रूखा अभिवादन किया और दबी आवाज़ में आपस में बातें करने लगे; इस तरह कि वह सुन न पाए. सिर्फ अकेले सेकण्ड लेफ्टिनेंट मीखिन ने देर तक और कस कर, गीली आँखों से उसका हाथ थामे रखा, मगर कहा उसने कुछ नहीं; लाल हो गया, शीघ्रता से और फूहड़पन से उसने कोट पहना और चला गया.
जल्दी ही अल्पाहार विभाग से होता हुआ निकोलाएव डाइनिंग रूम में आया. उसका चेहरा विवर्ण था, आँखों की पलकें काली हो गई थीं, बाँया गाल पूरे वक़्त थरथराहट से हिल रहा था, और उसके ऊपर, कनपटी के नीचे एक बहुत बड़ा सूजा हुआ नील पड़ा था. रोमाशोव को स्पष्टत: और पीड़ा से कल की मारामारी की याद आई और, पूरी तरह झुकते हुए, चेहरे पर बल डालकर, उसने स्वयँ को इन शर्मनाक यादों के असहनीय बोझ तले दबा पाया; अख़बार के पीछे अपने आप को छुपा लिया और आँखें भी पूरी तरह सिकोड़ लीं.
उसने सुना कि कैसे निकोलाएव ने अल्पाहार गृह में एक पैग कोन्याक मांगी और कैसे उसने किसी से बिदा ली. फिर उसने अपने निकट से निकोलाएव के क़दमों की आहट सुनी. दरवाज़ा धड़ाम् से बन्द हो गया. और अचानक कुछ क्षणों के बाद उसने अपनी पीठ के पीछे, आँगन से सतर्कताभरी फुसफुसाहट सुनी, : पीछे मुड़ कर न देखिए! शांति से बैठे रहिए. सुनिए.”
ये निकोलाएव बोल रहा था. रोमाशोव के हाथों में अख़बार थरथराने लगा.
 “मुझे ख़ुद को आपसे बात करने का अधिकार नहीं है. मगर भाड़ में जाएँ ये फ्रांसीसी तकल्लुफ़. जो हुआ, उसे सुधार नहीं सकते. मगर फिर भी मैं आपको एक शरीफ़ और सलीकेदार इंसान समझता हूँ. आपसे प्रार्थना करता हूँ, सुन रहे हैं, मैं आपसे प्रार्थना करता हूँ: मेरी पत्नी के बारे में और गुमनाम ख़तों के बारे में एक भी लब्ज़ नहीं! आप मेरी बात समझ गए?”
रोमाशोव ने अख़बार से स्वयँ को अपने साथियों से छिपाते हुए, धीरे से सिर झुकाया. आँगन में पैरों के नीचे की रेत चरमराई. केवल पाँच मिनटों के पश्चात् ही रोमाशोव मुड़ा और उसने आँगन की ओर देखा. निकोलाएव जा चुका था.
 “हुज़ूर,” अचानक उसके सामने कारिंदा खड़ा हो गया, “हिज़ हाईनेस आपको याद फर्मा रहे हैं.”
हॉल में, दूर वाली संकरी दीवार से लगी हुई कुछ कपड़ा जड़ी मेज़ें रखी थीं, जिन्हें हरे कपड़े से ढाँका गया था. इनके पीछे न्यायाधीश बैठे थे, जिनकी पीठ खिड़कियों की तरफ़ थी; जिससे उनके चेहरे काले नज़र आ रहे थे. बीच में कुर्सी पर बैठा था प्रेसिडेंट – लेफ्टिनेंट कर्नल मीगुनोव; मोटा, धृष्ट आदमी, बिना गर्दन का, ऊपर उठे गोल कँधे; उसके दोनों ओर थे – लेफ्टिनेंट कर्नल्स : राफ़ाल्स्की और लेख; आगे दाँए – कैप्टेन ओसाद्ची और पीटर्सन; और बाँए – कैप्टेन द्यूवेर्नुआ और स्टाफ-कैप्टेन दोरोशेन्की, कम्पनी का खजांची. मेज़ बिल्कुल खाली थी, केवल दोरोशेन्को के सामने, जो इस न्यायिक जाँच का सेक्रेटरी था, कागज़ों का एक गट्ठा पड़ा था. आँगन में गर्म, चमकता दिन होने के बावजूद बड़े, ख़ाली हॉल में ठंडक और अंधेरा था;पुराने फर्नीचर की, फफूंद की और फर्नीचर के जीर्ण गिलाफ़ों की बदबू आ रही थी.   
प्रेसिडेंट ने अपने दोनों भरे पूरे, सफ़ेद हाथ हथेलियाँ ऊपर करते हुए मेज़ के हरे कपड़े पर रखे और, बारी बारी से उनकी ओर देखते हुए काष्ठवत् आवाज़ में बोलना शुरू किया, “सेकण्ड लेफ्टिनेंट, रोमाशोव, अफ़सरों की अदालत, जो कम्पनी कमांडर के आदेशानुसार यहाँ आयोजित की गई है; उन घटनाओं का स्पष्टीकरण चाहती है, जिनकी तहत कल आपके और लेफ्टिनेंट निकोलाएव के बीच अफ़सोसनाक और अक्षम्य झड़प हुई थी. कृपया इसके बारे में विस्तारपूर्वक बताएँ.”
हाथ नीचे किए और कैप-बैण्ड को खींचते हुए रोमाशोव उनके सामने खड़ा हो गया. वह स्वयँ को इतना कुचला हुआ, अटपटा और उद्विग्न अनुभव कर रहा था, जैसा उसके साथ सिर्फ पढ़ाई के वर्षों में, परीक्षा के दौरान हुआ करता था; जब वह अनुत्तीर्ण होता था. टूटी-फूटी आवाज़ में, अस्तव्यस्त और असंबद्ध वाक्यों में; लगातार अस्पष्ट बड़बड़ाहट से, हास्यास्पद विस्मयबोधक शब्दों का प्रयोग करते हुए; वह सुबूत पेश करने लगा. साथ ही, एक न्यायाधीश से दूसरे न्यायाधीश की ओर नज़र घुमाते हुए, वह मन ही मन अपने प्रति उनके व्यवहार का मूल्यांकन करता रहा, ‘मीगुनोव उदासीन है, वह, जैसे पत्थर का है, मगर प्रमुख न्यायाधीश की यह भूमिका, और वह ख़ौफ़नाक अधिकार और ज़िम्मेदारी जो इससे जुड़े हैं, उसे सम्मानित कर रही है.लेफ्टिनेंट कर्नल ब्रेम दयनीय और औरतों जैसी आँखों से देख रहा है, - आह, मेरे प्यारे ब्रेम, क्या तुझे याद है कि मैंने कैसे तुझसे दस रूबल उधार लिए थे? बूढ़ा लेख संजीदगी दिखा रहा है. आज वह गंभीर है, और उसकी आँखों के नीचे घेरे पड़े हैं; जैसे गहरे घाव के निशान हों. वह मेरा दुश्मन नहीं है, मगर वह ख़ुद कई बार मेस में इतनी गड़बड़ कर चुका है कि अब उसके लिए फ़ौजी अफ़सर के सम्मान के सतर्क, ज़िम्मेदार और निष्पक्ष रक्षक-अधिकारी की भूमिका ही उचित है. और ओसाद्ची और पीटर्सन – ये तो वाक़ई में दुष्मन हैं. क़ानूनन मैं, बेशक ओसाद्ची को मैं अनदेखा कर सकता हूँ – सारा झगड़ा उसीके दफ़न-गीत से ही शुरू हुआ था, - मगर, फिर, क्या फ़र्क पड़ता है? पीटर्सन होठों के एक कोने से कुछ कुछ मुस्कुरा रहा है – कुछ नीचता भरा, ज़हरीला सा, अप्रिय सा है. कहीं उसे गुमनाम ख़तों के बारे में कुछ मालूम तो नहीं है? द्यूवेर्नूआ – उनींदा चेहरा, और आँखें – जैसे दो धुँधलाए बड़े बड़े गोले. द्यूवेर्नुआ मुझे पसन्द नहीं करता. हाँ, और दोरोशेन्को भी. सेकण्ड लेफ्टिनेंट, जो अपनी तनख़्वाह की रसीद पर सिर्फ हस्ताक्षर करता है, मगर उसे कभी पाता नहीं है. तुम्हारा हाल बुरा है, मेरे प्यारे यूरी अलेक्सेयेविच.”
 “माफ़ कीजिए, एक मिनट,” अचानक उसकी विचार शृंखला टूट गई. “लेफ्टिनेंट कर्नल महोदय, क्या मुझे सवाल पूछने की इजाज़त देंगे?”
 “कृपया पूछिए,” भाव खाते हुए मीगुनोव ने सिर हिलाया.
 “हमें बताईये, सेकण्ड लेफ्टिनेंट रोमाशोव,” ओसाद्ची ने अधिकारपूर्वक शब्दों को खींचते हुए शुरुआत की, “मेस में ऐसी बदहवासी की हालत में पहुँचने से पहले आप कहाँ थे?”
रोमाशोव लाल पड़ गया और उसे महसूस हुआ कि उसका माथा पसीने की बूँदों से ढँक गया है.
 “ मैं गया था...मैं था...वो, एक जगह पर,” और उसने क़रीब क़रीब फुसफुसाहट से कहा, “मैं था, कोठे पर.”
 “आहा, तो आप कोठे पर गए थे?” जानबूझकर ज़ोर से, निर्मम-स्पष्टता से ओसाद्ची ने दुहराया. “और, शायद इस जगह आपने कुछ पिया था?”
 “हाँ-हाँ-पिया था,” टूटे टूटे जवाब दिया रोमाशोव ने.
 “ठीक है. आगे कोई सवाल नहीं पूछना है मुझे,” ओसाद्ची प्रेसिडेंट की ओर मुड़ा.
 “कृपया अपना बयान जारी रखिए,” मीगुनोव ने कहा. “तो आप इस बात पर रुके थे कि आपने लेफ्टिनेंट निकोलाएव के मुँह पर शराब फेंकी थी...आगे?”
रोमाशोव ने असंबद्ध तरीक़े से, मगर ईमानदारी और विस्तार से कल की घटना के बारे में बताया. वह लगभग किनारे से और शर्मिन्दगी से उस पश्चात्तापके बारे में कहने ही वाला था, जो अपने कल के व्यवहार पर उसे हो रहा था, मगर कैप्टेन पीटर्सन ने उसे बीच ही में रोक दिया. नील पड़े नाखूनों वाली, पीले हाथों की अपनी लंबी, मुर्दा उँगलियों को इस तरह से मलते हुए जैसे उन्हें धो रहा हो; उसने ज़ोर देकर, सौजन्य से, लगभग प्यार से, पतली और दबी दबी आवाज़ में कहा, “हाँ, ख़ैर, ये सब, बेशक आपके ख़ूबसूरत विचारों को इज़्ज़त ही दे रहा है, मगर हमें बताईये, सेकण्ड लेफ्टिनेंट रोमाशोव...इस दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक हादसे से पहले क्या आप कभी लेफ्टिनेंट निकोलाएव के घर गए थे?”
रोमाशोव सतर्क हो गया और, पीटर्सन की ओर नहीं, बल्कि प्रेसिडेंट की ओर देखते हुए उसने असभ्यता से जवाब दिया, “हाँ गया था, मगर मैं समझ नहीं पा रहा हूँ कि इसका मेरे ‘केस’ से क्या संबंध है?”
 “रुकिए. कृपया सिर्फ सवालों के जवाब ही दीजिए.” पीटर्सन ने उसे रोका. “मैं यह कहना चाहता हूँ कि आपकी लेफ्टिनेंट निकोलाएव से आपसी दुश्मनी के पीछे कोई विशेष कारण तो नहीं थे – ऐसे कारण, जो फ़ौजी सेवा से संबंधित नहीं, बल्कि घरेलू, याने पारिवारिक हों?”
रोमाशोव तन गया और सीधे सीधे, खुल्लम खुल्ला नफ़रत से उसने पीटर्सन की काली तपेदिक जैसी आँखों में देखा.
 “मैं निकोलाएवों के घर मेरे अन्य परिचितों की तरह ही जाता था; न ज़्यादा, न कम.” उसने ज़ोर से और तीखेपन से कहा. “और मेरे साथ उसकी कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी. सब कुछ अप्रत्याशित ढंग से और अकस्मात् हो गया, क्योंकि हम दोनों नशे में धुत थे.”
 “हे-हे-हे, ये तो हम सुन चुके हैं; आपके नशे में धुत होने के बारे में,” फिर से पीटर्सन ने उसकी बात काटी, “मगर मैं सिर्फ इतना पूछना चाहता हूँ, कि आपकी उससे पहले कभी बहस हुई थी? नहीं, बहस नहीं, आप मेरी बात समझ रहे हैं, बहस नहीं, सिर्फ कोई ग़लतफ़हमी, कोई खिंचापन, किसी व्यक्तिगत आधार पर. जैसे, मिसाल के तौर पर, वैचारिक मतभेद या कोई और षड़यंत्र. हाँ?”
 “प्रेसिडेंट महाशय, क्या मुझे इन पूछे गए सवालों के जवाब न देने का अधिकार है?” रोमाशोव ने अचानक पूछा.
 “हाँ, ये आप कर सकते हैं,” मीगुनोव ने ठंडेपन से जवाब दिया. “आप, अगर चाहें तो किसी भी तरह की सफ़ाई देने से इनकार कर सकते हैं, या उन्हें लिखकर दे सकते हैं. ये आपका अधिकार है.”
 “तो मैं ये घोषणा करता हूँ कि कैप्टेन पीटर्सन द्वारा पूछे गए किसी भी सवाल का जवाब मैं नहीं दूँगा,” रोमाशोव ने कहा. “ये उसके लिए और मेरे लिए भी अच्छा रहेगा.”
उसे कुछ और छोटी मोटी बातों के बारे में पूछा गया, और इसके बाद प्रेसिडेंट ने कहा कि वह जा सकता है. मगर उसे कुछ अन्य स्पष्टीकरण देने के लिए और दो बार बुलाया गया; पहली बार उसी दिन शाम को, दूसरी बार गुरुवार को सुबह. व्यक्तिगत संबंधों में पूरी तरह से अनुभवहीन व्यक्ति, जैसे रोमाशोव, भी समझ रहा था कि ये अदालत नाममात्र के लिए, अत्यंत ग़ैर ज़िम्मेदाराना और बेहद असावधानी से, नौसिखियाना ढंग से सुनवाई कर रही है; कई सारी गलतियाँ कर रही है; अकुशलता से काम कर रही है. सबसे बड़ी ग़ज़ब की बात तो ये हुई कि अनुशासन संहिता की 149वीं धारा के स्पष्ट और सटीक आदेश के मुताबिक, कि अदालत की कार्रवाई की बाहर चर्चा नहीं होगी; अदालत के सदस्यों ने अपने सम्मान को बरकरार नहीं रखा और बेकार की बकवास में लिप्त हो गए. उन्होंने कार्रवाई के परिणामों के बारे में अपनी पत्नियों को बता दिया; पत्नियों ने शहर की परिचित महिलाओं को. और उन्होंने – दर्जिनों को, दाईयों को और नौकरानियों तक को बता दिया. एक ही दिन में रोमाशोव ताज़ा ख़बर और उस दिन का हीरो बन गया. जब वह रास्ते से जा रहा था, तो उसकी ओर लोग खिड़कियों से, आँगन के गेट से, किचन गार्डन से, बागड़ की झिरियों से देख रहे थे. औरतें दूर से उँगलियों से उसे दिखा रही थीं; और वह लगातार अपनी पीठ के पीछे, जल्दी जल्दी फुसफुसाहट से लिया गया अपना नाम सुन रहा था. शहर में किसी को भी इस बारे में सन्देह नहीं था कि उसके और निकोलाएव के बीच द्वन्द्व-युद्ध होगा. उस द्वन्द्व-युद्ध के परिणाम के बारे में बाज़ियाँ लगाई जा रही थीं.
गुरुवार की सुबह, लीकाचेवों के घर के सामने से मेस की ओर जाते हुए, उसने अचानक सुना कि कोई उसका नाम लेकर उसे बुला रहा है.
 “यूरी अलेक्सेयेविच, यूरी अलेक्सेयेविच, यहाँ आईये!” उसने रुक कर ऊपर की ओर सिर उठाया; कात्या लीकाचेवा बागड़ के उस ओर बगीचे की बेंच पर खड़ी थी. वह सुबह के हल्के जापानी गाऊन में थी, जिसकी तिकोनी कटाई के कारण उसकी कुँआरी गर्दन दिखाई दे रही थी; और वह पूरी तरह गुलाबी, ताज़ातरीन, लज़्ज़तदार प्रतीत हो रही थी; एक मिनट के लिए रोमाशोव को प्रसन्नता का अनुभव हुआ.
वह बागड़ से झुकी, जिससे उसे अपना हाथ दे सके, जो धोने के कारण अभी तक ठंडा और गीला था. साथ ही वह अपनी बीन भी बजाती रही:
 “आप हमारे यहाँ क्यों नहीं आते? लोगों को भूलना शलम की बात है. बुला, बुला, बुला...श्, श्, श्; मैं सब कुछ, सब कुछ जानती हूँ!” उसकी बड़ी, बड़ी आँखों में अचानक भय का भाव छा गया. “ये लीजिए और इसे अपने गले में पहन लीजिए; ज़लूल, ज़लूल, ज़लूल पहन लीजिए.”
उसने सीधे अपने गाऊन से, सीने के पास से रेशमी कपड़े में डोरी से बंधा कोई ताबीज़ निकाला और जल्दी से उसके हाथ में थमा दिया. उसके बदन की गर्मी के कारण ताबीज़ पर अभी भी गर्माहट थी.
 “फ़ायदा होता है?” रोमाशोव ने मज़ाक से पूछा. “क्या है ये?”
 “ये ‘सीक्रेट’ है; ख़बरदार, मज़ाक न उड़ाना, नास्तिक! बुला!”
आख़िर आज मैं मशहूर हो गया हूँ. अच्छी लड़की है, रोमाशोव ने कात्या से बिदा लेते हुए सोचा. मगर वह इस परिस्थिति में भी ख़ूबसूरत वाक्यों का इस्तेमाल करके अपने बारे में आख़िरी बार तृतीय पुरुष में सोचने से स्वयँ को रोक न पाया.
द्वन्द्व-युद्ध के मंजे हुए खिलाड़ी के गंभीर चेहरे पर भली मुस्कुराहट फिसल आई.
इसी दिन शाम को उसे फिर से अदालत में बुलाया गया; मगर इस बार निकोलाएव के साथ. दोनों दुश्मन मेज़ के सामने एक दूसरे की बगल में खड़े थे. उन्होंने एक भी बार एक दूसरे की ओर नहीं देखा, मगर उनमें से हर एक दूसरे की मानसिक स्थिति का अनुभव करके तनाव से परेशान हो रहा था. वे दोनों ज़िद्दीपन से, अविचल प्रेसिडेंट की ओर देख रहे थे, जब वह अदालत का फैसला पढ़ कर सुना रहा था, “ N-पैदल कम्पनी के अफ़सरों की अदालत, जिसके सदस्य थे,” – न्यायाधीशों की रैंक और उनके नाम पढ़े गए – “लेफ्टिनेन्ट कर्नल मीगुनोव की अध्यक्षता में, ऑफिसर्स मेस में लेफ्टिनेंट निकोलाएव तथा सेकण्ड लेफ्टिनेंट रोमाशोव के बीच हुई झड़प की जाँच करने के बाद इस नतीजे पर पहुँची कि उनके एक दूसरे को अपमानित करने की वजह से इन दोनों अंडर-ऑफ़िसर्स के बीच का झगड़ा सुलह-सफ़ाई से समाप्त नहीं किया जा सकता और उनके बीच द्वन्द्व-युद्ध ही एकमात्र उपाय है, आहत सम्मान और ऑफ़िसर की प्रतिष्ठा को संतुष्ट करने का. अदालत की राय की पुष्टि कम्पनी कमांडर द्वारा कर दी गई है.”
पढ़ना समाप्त करने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल मीगुनोव ने चश्मा उतार कर उसे ‘केस’ में रख लिया.
 “आपको, महाशय,” उसने पाषाणवत् लहज़े में समारोहपूर्वक कहा, “अपने अपने गवाह-मध्यस्थ चुनने होंगे, हर ओर से दो-दो, और उन्हें शाम के नौ बजे तक यहाँ, मेस में, भेजना होगा, जहाँ वे हमारे साथ बैठकर द्वन्द्व-युद्ध की शर्तें तय करेंगे. मगर,” उसने उठते हुए और चश्मे का ‘केस’ पिछली जेब में रखते हुए आगे जोड़ा, “मगर, अदालत के अभी अभी पढ़े गए फ़ैसले का पालन करना आपके लिए अनिवार्य नहीं है. आपमें से हरेक को यह आज़ादी है कि या तो वह द्वन्द्व-युद्ध करे, या...” उसने हाथ नचाए और थोड़ा रुका, “या फिर सेना की नौकरी छोड़ दे. इसके बाद...आप अब आज़ाद हैं, महाशय...दो शब्द और. ये मैं अदालत के प्रेसिडेंट की हैसियत से नहीं, बल्कि एक वरिष्ठ साथी के रूप में कह रहा हूँ; मैं आपको सलाह दूँगा, ऑफ़िसर्स महोदय, कि द्वन्द्व-युद्ध होने तक मेस में न आएँ. इससे उलझनें बढ़ सकती हैं. फिर मिलेंगे.”
निकोलाएव झटके से मुड़ा और तेज़ तेज़ क़दमों से हॉल से बाहर निकल गया. उसके पीछे पीछे रोमाशोव भी धीरे धीरे चला. उसे डर नहीं लग रहा था, मगर उसे अचानक महसूस हुआ कि वह निपट अकेला है; अजीब तरीक़े से अलग थलग कर दिया गया है; जैसे पूरी दुनिया से उसे काट दिया गया हो. मेस की ड्योढ़ी में आते हुए उसने लंबे, शांत अचरज से आसमान की ओर देखा, पेड़ों को देखा, सामने की बागड़ के पीछे बंधी गाय को देखा, पंछियों को देखा, जो रास्ते के बीच में धूल में नहा रहे थे; और सोचा, “ये – सब कुछ ज़िन्दा है, संघर्ष कर रहा है, भाग-दौड़ कर रहा है, बढ़ रहा है, और चमक रहा है; मगर मुझे, अब और किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं, और न ही कोई दिलचस्पी है. मुझे मृत्यु दंड दिया गया है. मैं अकेला हूँ.”
अलसाए से, क़रीब क़रीब उकताएपन से वह बेग-अगामालोव और वेत्किन को ढूँढ़ने निकल पड़ा, जिन्हें गवाह-मध्यस्थ बनाने का उसने निश्चय कर लिया था. दोनों फ़ौरन तैयार हो गए – बेग-अगामालोव उदास-संयम से, वेत्किन प्यार भरे और अनेक अर्थों वाले हस्तांदोलन से.
घर जाने का रोमाशोव का मन नहीं था – वहाँ दम घुटता था, और उकताहट थी. आंतरिक दुर्बलता के, अकेलेपन के, ज़िन्दगी की अलसाहटभरी ग़लतफ़हमी के इन भारी पलों में उसे किसी क़रीबी, फ़िक्र करने वाले और साथ ही ऐसे व्यक्ति की तलाश थी, जो संवेदनशील, उसे समझने वाला और नर्मदिल हो.


और अचानक उसे नज़ान्स्की की याद आई.

Dvand Yuddha - 19

XIX


अभी अभी जिस हादसे को सबने झेला था, उसका असर सबकी मानसिकता में और फूहड़ जोश में प्रकट हो रहा था. मेस की तरफ़ जाते हुए रास्ते में अफ़सर बड़ी बेहूदगियाँ करते रहे. वे क़रीब से जाते हुए यहूदी को रोकते, उसे अपने पास बुलाते और उसकी टोपी निकाल कर गाड़ीवान को आगे बढ़ने के लिए धकियाते; फिर इस टोपी को किसी बागड़ के पीछे, पेड़ पर फेंक देते. बोबेतिन्स्की ने गाड़ीवान को पीट दिया. बाक़ी के लोग ज़ोर ज़ोर से गाते रहे और पागल की तरह चिल्लाते रहे. सिर्फ बेग-अगामालोव, जो रोमाशोव की बगल में बैठा था, पूरे रास्ते ख़ामोश रहा, गुस्से और संयम से खर्राटे लेते हुए.
देर होने के बावजूद मेस में तेज़ रोशनी हो रही थी और वह लोगों से भरी थी. कार्ड-रूम में, डाइनिंग रूम में, अल्पाहार गृह में और बिलियार्ड रूम में लोग झुंड बनाए, शराब के नशे में, तंबाकू के नशे में; अपनी ट्यूनिक के बटन खोले; निश्चल, चिड़चिड़ाहट भरी आँखों से और अलसाई गतिविधियों से एक दूसरे से टकराते; व्यर्थ की बकवास किए जा रहे थे. रोमाशोव ने कुछ अफ़सरों का अभिवादन करते हुए अचानक आश्चर्य से उनके बीच निकोलाएव को देखा. वह ओसाद्ची के साथ बैठा था और नशे में धुत, लाल-लाल हो रहा था, मगर दृढ़ता से स्वयँ पर क़ाबू किए था. जब रोमाशोव, मेज़ का चक्कर लगाते हुए, उसके क़रीब आया तो निकोलाएव ने जल्दी से उसकी ओर देखा और फ़ौरन मुड़ गया, जिससे उसकी ओर हाथ न बढ़ाना पड़े; और बड़े जोश में अपने पड़ोसी से बातें करने लगा.
 “वेत्किन, गाने के लिए चलो!” ओसाद्ची ने साथियों के सिरों के ऊपर से कहा.
 “गा-एं-गे  कु-छ-तो!” वेत्किन ने चर्च की प्रार्थना की धुन में कहा.
“गा-एं-गे  कु-छ-तो! गा-एं-गे  कु-छ-तो!” बाकी लोगों ने ज़ोर से दुहराया.
 “पोप के कठघरे के पीछे लड़ पड़े तीन,” वेत्किन ने चर्च के द्रुत कथन की तर्ज़ में कहा, “सेक्स्टन, पार्सन और उसका क्लर्क. जाओ, निकिफोर, जा-ओ.”
 “ जाओ, निकोफोर, जा-आ-आ-ओ,” हौले से कोरस ने उसे जवाब दिया, पूरी तरह संयमित और मानो ओसाद्ची के मुलायम, गहरे सुर से गर्माए कोरस ने.
वेत्किन कोरस का संचालन कर रहा था, मेज़ पर बीचोंबीच खड़ा होकर और गाने वालों की ओर हाथ बढ़ाए हुए. वह कभी डरावनी तो कभी प्यार भरी, प्रशंसा भरी आँखें बनाता, जो ठीक से नहीं गा रहे थे उन पर चिल्लाता, और फैली हुई हथेली की मुश्किल से नज़र आने वाली थरथराहट से ध्यान न देने वालों को संभालता.
 “स्टाफ-कैप्टेन लेशेन्को, आप बेसुरा गा रहे हैं! आपके कान पर भालू चढ़ गया है! चुप हो जाईये! ओसाद्ची चिल्लाया. “महाशय, चुप हो जाईये, सब तरफ़! भिनभिनाईये नहीं, जब लोग गाते हैं.”
 “जैसे अमी-मी-र किसान पीता है रम दे—ख---!” वेत्किन कहता रहा.
तंबाकू के धुँए से आँखों में जलन हो रही थी. मेज़ का मेकेन्टोश चिपचिपा था, और रोमाशोव को याद आया कि उसने आज शाम को अपने हाथ नहीं धोए हैं. वह आँगन से होता हुआ उस कमरे में पहुँचा जिसे ‘ अफ़सरों का कमरा’ कहते थे, - वहाँ हमेशा एक बेसिन रखा रहता था. यह एक खिड़की वाली, ख़ाली, छोटी सी, ठंडी कोठरी थी. एक छोटी अलमारी द्वारा बनाए गए पार्टीशन के दोनों ओर, जैसा अस्पतालों में होता है, दीवारों से लगे दो पलंग थे. उनके ऊपर की चादरें-गिलाफ़ कभी भी नहीं बदले जाते थे; इस कमरे का फर्श भी कभी झाड़ा नहीं जाता था, खिड़की कभी खोली नहीं जाती थी. इस कारण इन कमरों में पुरानी चादरों की, तंबाकू के पुराने धुँए की और गंदे जूतों की दमघोंटू, बासी, सड़ी हुई बदबू आया करती थी. यह कमरा उन अफ़सरों के अस्थाई आवास के लिए प्रयुक्त होता था जो दूर दूर के ठिकानों से कम्पनी के स्टाफ़ में आया करते थे. मगर आम तौर से उसमें पार्टियों के दौरान कभी कभी दो, तो कभी कभी तीन, विशेषकर नशे में धुत अफ़सरों को एक एक पलंग पर पटक दिया जाता था. इसलिए इसे ‘मुर्दों का कमरा’, ‘लाश-घर’ और ‘मुर्दा-घर’ भी कहते थे. इन नामों में एक सहज, मगर जीवन का ख़ौफ़नाक व्यंग्य छिपा था, क्योंकि जब से कम्पनी इस शहर में आई थी, -अफ़सरों के कमरे में, ख़ास कर इन्हीं दो पलंगों पर कई अफ़सरों ने और एक अर्दली ने स्वयँ को गोली मार ली थी; और ऐसा कोई भी साल नहीं होता था, जब N कम्पनी में किसी अफ़सर ने स्वयँ को गोली न मार ली हो.
जब रोमाशोव मुर्दों के कमरे में पहुँचा, दो व्यक्ति पलंगों पर सिरहाने की ओर, खिड़की के पास बैठे थे. वे बिना रोशनी के, अंधेरे में बैठे थे और सिर्फ हल्की सी हलचल से ही रोमाशोव को उनकी उपस्थिति का आभास हुआ. उनके बिल्कुल नज़दीक जाकर और उनके ऊपर झुकने के बाद ही उसने मुश्किल से उन्हें पहचाना. ये थे स्टाफ-कैप्टेन कोद्त, पियक्कड़ और चोर, जिसे रेजिमेंट की कमांड से निकाल दिया गया था; और ज़ोलोतूखिन, लंबा और दुबला-पतला, अधेड़ उम्र का, गंदा जुआरी, लफ़ड़ों वाला, बुरी ज़ुबान वाला और सदाबहार सब-एनसाईन जैसा पियक्कड़. इन दोनों के बीच मेज़ पर वोद्का की क्वार्टर बोतल टिमटिमा रही थी; एक ख़ाली प्लेट, किसी गाढ़े द्रव के निशानों वाली, और दो भरे हुए गिलास रखे थे. खाने पीने की चीज़ों का नामोनिशान नहीं था. हमप्याला चुप थे, जैसे भीतर आते हुए साथी से छिप रहे हों; और जब वह उन पर झुका तो वे चालाकी से अंधेरे में हँस पड़े; कहीं नीचे की ओर देखने लगे.
 “हे, भगवान! आप लोग यहाँ क्या कर रहे हैं?” रोमाशोव ने भयभीत होकर पूछा.
 “श् श् श्!” ज़ोलोतूखिन ने रहस्यमय ढंग से, चेतावनी देते हुए ऊंगली ऊपर को उठाई. “रुको, इंतज़ार करो. डिस्टर्ब मत करो!”
 “धीरे!” क्लोद्त ने फुसफुसाकर कहा.
अचानक दूर कहीं गाड़ी के खड़खड़ाने की आवाज़ आई. तब उन दोनों ने जल्दी से अपने जाम उठाए, टकराए और एक साथ पी गए.
 “ये आख़िर है क्या?!” रोमाशोव उत्तेजना से चहका.
 “ये, मेरे प्यारे,” अर्थपूर्ण फुसफुसाहट से क्लोद्त ने जवाब दिया, “ये हमारा ऐसा टिट्-बिट् है. गाड़ी की खटखटाहट के साथ. हुज़ूर,” वह ज़ोलोतूखिन से मुख़ातिब हुआ, “तो अब किस के साथ पिएँगे? चाँद की रोशनी में पीना चाहते हो?”
 “ वो तो पी चुके,” ज़ोलोतूखिन ने संजीदगी से प्रतिवाद किया और खिड़की से चाँद की पतली कोर को देखा, जो शहर के ऊपर काफ़ी नीचे और उकताते हुए स्थित था, “इंतज़ार करते हैं. हो सकता है, कुत्ता भौंकने लगे. ख़ामोश रहो.”
इस तरह नशीली मतिहीनता के उदास मसखरेपन के प्रभाव में एक दूसरे की ओर झुकते हुए, वे फुसफुसाते रहे. डाइनिंग रूम से इस समय आ रही थीं, दीवारों के कारण हल्की हो गईं गहराई आवाज़ें, और इस कारण ये एकसार उदास आवाज़ें कहीं दूर से आती चर्च में दफ़न विधि के समय की जाने वाली प्रार्थनाओं जैसी प्रतीत हो रही थीं.
रोमाशोव ने हाथ नचाए और अपने सिर को पकड़ लिया.
 “महाशय, ख़ुदा के लिए, छोड़ो: ये ख़ौफ़नाक है,” उसने पीड़ा से कहा.
 “शैतान के पास जाओ!” अचानक ज़ोलोतूखिन गरजा. “नहीं, रुक,भाई! कहाँ चले? पहले आप शरीफ़ लोगों के साथ पीजिए. न-हीं, नहीं, भाई. इसे पकड़ो, स्टाफ़-कैप्टेन, और मैं दरवाज़ा बन्द करता हूँ.”
वे दोनों पलंग से उछले और वहशियतभरी शरारती हँसी से रोमाशोव को पकड़ने लगे. और ये सब एक साथ –ये अंधेरा कमरा, आधी रात को बिना रोशनी के हो रहा यह रहस्यमय, अजीब, शराब का दौर, ये दो मतिहीन हो चुके व्यक्ति – ये सब मौत के और पागलपन के असहनीय ख़ौफ़ से रोमाशोव पर अचानक टूट पड़ा. उसने एक कर्कश चीख़ मारते हुए ज़ोलोतूखिन को दूर धकेला और पूरी तरह थरथराते हुए मुर्दा-घर से बाहर कूदा.
अपनी बुद्धि से वह समझ रहा था कि उसे घर जाना चाहिए, मगर न जाने किस अज्ञात शक्ति द्वारा वह डाइनिंग रूम की ओर खिंच गया. वहाँ अब कुर्सियों और खिड़कियों की सिल पर बैठे बैठे काफ़ी लोग ऊँघ रहे थे. असहनीय गर्मी थी, और, खिड़कियाँ खुली होने के बावजूद, मोमबत्तियाँ और लैम्प बिना झपके जल रहे थे. थकान से चूर, लड़खड़ाते पैरों से बेयरे और अल्पाहारगृह के सिपाही खड़े खड़े ऊँघ रहे थे और हर मिनट उबासी ले रहे थे, बिना जबड़े खोले, सिर्फ नाक से. मगर आम, बोझिल, सब पर छाया नशा रुक नहीं रहा था.
वेत्किन मेज़ पर खड़ा हो गया था और ऊँचे, भावुकतापूर्ण सुर में गा रहा था:
“ ते-ए-ज़, जैसे लह-रें-एँ,
दिन-न ज़िन-न्द-गी के...”     
कम्पनी में चर्च से आए अनेक अफ़सर थे और इसलिए नशे में धुत होने के बावजूद वे अच्छा ख़ासा गा लेते थे. सीधी सादी, दुखभरी, दिल को छू लेनेवाली धुन निकृष्ट शब्दों को भी भला बना रही थी. और सभी को एक मिनट के लिए इस नीची छत वाले दमघोंटू कमरे में, संकुचित, गूँगी और अँधी ज़िन्दगी के बीच बड़ी और विवशता महसूस होने लगी.
“ मरोगे, दफ़ना देंगे
जैसे तू था ही नहीं दुनिया में...”
वेत्किन भाव विह्वल होकर गा रहा था, और अपनी ऊँची और कँपकँपाती आवाज़ से निकले शब्दों के कारण और कोरस की पूरी समन्वयता के कारण उसकी दयालु, भोली आँखों में आँसू तैर गए. अर्चाकोव्स्की सावधानी से उसे दुहरा रहा था. अपनी आवाज़ कम्पित करने के लिए वह दो उँगलियों से अपने टेंटुए को छू लेता था. ओसाद्ची भारी-भरकम, लंबे खिंचते हुए सुरों से कोरस का साथ दे रहा था, और ऐसा लग रहा था जैसे अंधेरी लहरों पर इन नीची ऑर्गन जैसी आवाज़ों पर अन्य सभी आवाज़ें तैर रही थीं.
इस गीत को पूरा गाया गया, कुछ देर सब चुप रहे. नशे में धुत अवस्था में सब पर एक शांत, संजीदा लमहा छा गया. अचानक ओसाद्ची मेज़ पर नीचे की ओर देखते हुए, पलकें झुकाए दबी आवाज़ में गाने लगा,

 “तंग राह पर चलने वाले सभी – ज़िंदगी धरती पर जीने वाले...”
 “बस हो गया!” किसी ने उकताई आवाज़ में कहा, “आप तो बस इसी ‘अंत्य-यात्रा’ गीत पर जम गए. ये दसवीं बार है.”
मगर बाकी सब ने इस दफ़न गीत को गाना शुरू कर दिया था, और प्रदूषित, थूक से गंदे, सिगरेट के धुँए से भरे डाइनिंग हॉल में जॉन दमास्कीन के दफ़न गीत के स्पष्ट सुर घूम गए, जो ऐसे भावपूर्ण, ऐसे अतीव शोक में डूबे हुए थे, गुज़र चुके जीवन के प्रति ऐसी भीषण पीड़ा से भरे थे,

 “और मेरे धर्म के अनुयायियों, मेरे पीछे चलो, ख़ुशी मनाओ, सम्मान दर्शक, स्वर्गीय पुष्पचक्रों के साथ...”
और तभी अर्चाकोव्स्की, जो चर्च की सर्विस को किसी डीकन से कम नहीं जानता था, गाने लगा,
 “तहे दिल से...”
इस तरह उन्होंने पूरा दफ़न गीत गाया. और जब अंतिम पुकार का समय आया तो ओसाद्ची ने सिर झुकाकर, गर्दन तानते हुए, विचित्र और भयानक, दुखी और कटु आँखों से नीची आवाज़ में गाते हुए बोलना शुरु किया, जैसे गरजते हुए तंतु वाद्य के तार झंकार कर रहे हों,

“ऐ ख़ुदा, अपने सेवक निकिफोर को ख़ुशनुमा ज़िन्दगी और चिर शांति दे...ओसाद्ची ने अचानक एक डरावनी, सनकभरी गाली निकाली, और उसे दे चि-ई-ई-र...”
रोमाशोव उछल पड़ा और वहशियत से उसने पूरी ताक़त से मेज़ पर मुक्का मारा.
 “नहीं दूँगा इजाज़त! चुप रहिए!” वह तीखी, पीड़ा भरी आवाज़ में चीखा. “क्यों मज़ाक उड़ाते हैं? कैप्टेन ओसाद्ची, आप को बिल्कुल भी मज़ाहिया नहीं लग रहा है; बल्कि आप को दुख हो रहा है और ख़ौफ़नाक लग रहा है! मैं देख रहा हूँ! मैं जानता हूँ कि आप अपने दिल में कैसा महसूस कर रहे हैं!”
चारों ओर छा गई ख़ामोशी के बीच सिर्फ किसी एक की आवाज़ परेशानी से मनाने लगी, “क्या वह नशे में है?”
मगर तभी, जैसा कि कुछ देर पहले श्लेफेर्षा के यहाँ हुआ था, सब कुछ चिल्लाने लगा, कराहने लगा, अपनी जगह से उछलने लगा और एक तीखे, गतिमान, चिल्लाहट भरे गोल में बदल गया. वेत्किन ने मेज़ से कूदते हुए ऊपर से लटकते लैम्प को धक्का दे दिया; वह बड़े बड़े आड़े तिरछे आयाम बनाते हुए झूलने लगा, और तैश में आए लोगों की परछाईयाँ, जो कभी दैत्यों के समान बड़ी हो जातीं, तो कभी फर्श के नीचे छिप जातीं, दुष्टता से उलझतीं और सफ़ेद दीवारों और छत पर डोलतीं.
 वह सब जो इस समय मेस में घटित हो रहा था, इन बेकाबू, उत्तेजित, नशे में धुत और अभागे लोगों के बीच, वह जल्दी ही समाप्त हो गया...बेहूदगी से और फिर कभी न सुधारे जाने के लिए. जैसे कि किसी दुष्ट, उलझे दिमाग़ वाले, बेवकूफ़, वहशी – हास्यास्पद शैतान ने लोगों को दबोच लिया और उन्हें मजबूर कर दिया गालियाँ देने के लिए और फूहड़, असंतुलित गतिविधियाँ करने के लिए.
इस गहमा-गहमी में रोमाशोव ने अचानक अपने बिल्कुल क़रीब देखा किसी का चेहरा – टेढ़े, चीख़ते हुए मुँह वाला, जिसे उसने फ़ौरन पहचाना भी नहीं, - इतना विद्रूप और भद्दा हो गया था वह दुष्टता के कारण. ये निकोलाएव उस पर चिल्ला रहा था, थूक उड़ाते हुए और नर्वस होकर बाएँ गाल के स्नायुओं को आँखों के नीचे खींचते हुए.
 “ख़ुद ही शर्मिन्दा करते हैं कम्पनी को! आगे कुछ बोलने की हिम्मत न करना. आप – और अन्य दूसरे नज़ान्स्की! जुम्मा जुम्मा आठ दिन!...”
किसी ने सावधानीपूर्वक रोमाशोव को पीछे खींचा. वह मुड़ा और उसने बेग-अगामालोव को पहचान लिया, मगर, तभी, फ़ौरन वापस मुड़ कर, उसके बारे में भूल गया. इस समय जो होने वाला था उससे विवर्ण होकर, उसने हौले से, भर्राई आवाज़ में, पीड़ा भरी, दयनीय मुस्कुराहट से कहा, “यहाँ नज़ान्स्की किसलिए? या आपके पास कोई विशिष्ठ, गुप्त कारण है उससे नाराज़ होने के लिए?”
 “मैं तुम्हारे सिर पर दूँगा! नीच, सुअर!” निकोलाएव ने ऊँची, भौंकती सी आवाज़ में कहा. “बदमाश!”
उसने तेज़ी से रोमाशोव की ओर मुक्का ताना और डरावनी आँखें बनाईं, मगर मारने का निश्चय न कर पाया. रोमाशोव के सीने और पेट में पीड़ाजनक, घिनौनी बेहोशी धुँधलाती जा रही थी. इस समय तक उसने ज़रा भी ध्यान नहीं दिया था, जैसे भूल गया था कि उसके दाहिने हाथ में हमेशा कोई चीज़ पकड़ी रहती थी. और अचानक शीघ्र, संक्षिप्त चाल से उसने निकोलाएव के मुँह पर अपने ग्लास की बची हुई शराब उछाल दी.
उसी समय एक क्षणिक, कुंद पीड़ा से उसकी बाँई आँख से सफ़ेद, प्रखर बिजलियाँ चमकने लगीं. एक लंबी, जानवरों जैसी चीख से वह निकोलाएव पर टूट पड़ा, और वे दोनों नीचे गिर पड़े; हाथ पैर एक दूसरे से उलझाए, कुर्सियों को गिराते हुए और गंदी, दुर्गंधित धूल निगलते फ़र्श पर लोटने लगे. गुर्राते हुए और गहरी गहरी साँसे लेते हुए वे एक दूसरे को नोच रहे थे, काट रहे थे, दबोच रहे थे. रोमाशोव को याद आया कि कैसे, संयोगवश, उसकी उँगलियाँ निकोलाएव के मुँह में घुस गईं, गाल के पीछे, और कैसे उसने इस चिपचिपे. घिनौने, गर्म मुँह को चीरने की कोशिश की...और इस पागलपन भरे संघर्ष में जब वह सिर और कोहनियों के बल फ़र्श से टकराया तो उसे ज़रा सा भी दर्द महसूस नहीं हुआ.
उसे यह भी मालूम नहीं हुआ कि यह सब ख़त्म कैसे हुआ. उसने अपने आप को कोने में खड़ा पाया, जहाँ उसे खींच कर ले गए थे, निकोलाएव से छुड़ाकर. बेग-अगामालोव उसे पानी पिला रहा था, मगर रोमाशोव के दाँत गिलास की किनार से अभी भी किटकिटा रहे थे; और वह डर रहा था कि काँच का तुकड़ा न निगल जाए. उसकी ट्यूनिक बगल से और पीठ पर फट चुकी थी, और एक शोल्डर-स्ट्रैप, जो उधड़ चुकी थी, डोरी से लटक रही थी. रोमाशोव की आवाज़ नहीं निकल रही थी, मगर वह बेआवाज़ चिल्लाए जा रहा था, सिर्फ होठों से, “मैं उसे...और दिखाऊँगा!...बुलाऊँगा उसे!”
बूढ़ा लेख, जो अब तक मेज़ के कोने पर बैठा बैठा मीठी नींद ले रहा था, मगर इस समय पूरी तरह जाग चुका था, संतुलित और गंभीर; अप्रत्याशित कठोरता से आज्ञा देते हुए बोला, “एक सीनियर अफ़सर की हैसियत से मैं तुम दोनों को हुक्म देता हूँ, महोदय, फ़ौरन जुदा हो जाओ...सुनिए, फ़ौरन, इसी समय. इस सब के बारे में कल सुबह मेरे द्वारा कम्पनी कमांडर को रिपोर्ट पेश की जाएगी.
और सब बिखर गए. परेशान, दबाव में; एक दूसरे की नज़रों को टालते हुए. हरेक डर रहा था दूसरों की आँखों में अपने भय को पढ़ने से; अपनी दासताभरी, गुनाहभरी पीड़ा को पढ़ने से, - भय और पीड़ा, छोटे छोटे, दुष्ट और गंदे जानवरों की, जिनकी बुद्धि का अंधेरा मानो अचानक प्रकाशित हो गया था तीव्र मानवीय संज्ञा से.    
सुबह हो चुकी थी, स्पष्ट, बच्चों जैसे स्वच्छ आकाशयुक्त और स्थिर ठंडी हवा भरी. पेड़ नम, मुश्किल से नज़र आने वाली वाष्प से ढँके, अपने अंधेरे, रहस्यमय रात के सपनों से ख़ामोशी से जाग रहे थे. और जब रोमाशोव ने, घर जाते हुए, उनकी ओर देखा; और आसमान की ओर देखा; और गीली ओस से भूरी पड़ गई घास की ओर देखा तो उसने सुबह के इस मासूम लुभावनेपन में, जो आधी नींद में मुस्कुरा रही थी, स्वयँ को ओछा, घृणित, विद्रूप और अत्यंत पराया पाया.