कुल पेज दृश्य

सोमवार, 12 जून 2017

Dvand Yuddh - 14

XIV


पिकनिक इतनी ख़ुशनुमा नहीं थी जितनी बेतरतीब भागदौड़ से भरपूर. वे तीन मील दूर स्थित दूबेच्नाया पर पहुँचे. यह नाम था करीब पन्द्रह एकड़ पर स्थित एक बगीचे का, जो एक लंबी ढलान पर था, जिसकी तलहटी को एक पतली सी, स्वच्छ नदी घेरती थी. बगीचे में बिरले, मगर ख़ूबसूरत, मज़बूत सैंकड़ों साल पुराने शाहबलूत के वृक्ष थे. उनके तनों के निकट नीचे घनी झाड़ियाँ उग आई थीं, मगर कहीं कहीं लंबे चौड़े मनमोहक मैदान भी थे, ताज़ा, ख़ुशनुमा, नर्म और दमकती हुई पहली हरियाली से आच्छादित. इनमें से एक मैदान पर पहले ही रवाना कर दिए गए अर्दली समावारों और टोकरियों के साथ इंतज़ार कर रहे थे.
सीधे ज़मीन पर ही मेज़पोश बिछा दिए गए और लोग बैठने लगे. महिलाएँ खाने-पीने का सामान और प्लेटें रखने लगीं, पुरुष शोरगुल और अतिशिष्ठाचार से उनकी मदद कर रहे थे. ओलिज़ार ने एक नैपकिन को एप्रन की तरह बाँध लिया और दूसरे को सिर पर टोप की तरह पहनकर ऑफ़िसर्स-क्लब के रसोईए लूकिच की नकल करने लगा. बड़ी देर तक जगहें बदलते रहे, जिससे कि महिलाएँ अपने अपने पार्टनर्स के बीच बीच में बैठ सकें. असुविधाजनक हालत में अधलेटे, अधबैठे रहना पड़ा, यह एक नई और दिलचस्प चीज़ थी, और इस सिलसिले में ख़ामोश तबियत लेशेन्को सबको आश्चर्यचकित करते हुए, मज़े ले लेकर समारोहपूर्वक और बेवक़ूफ़ी से बोल उठा:
  इस समय हम ऐसे लेटे हैं जैसे प्राचीन रोमन-ग्रीक.
शूरोच्का ने अपने एक ओर तालमान को बिठाया और दूसरी ओर – रोमाशोव को. वह असाधारण रूप से बातूनी और खुश थी और इतनी उत्तेजित लग रही थी कि यह बहुत सारे लोगों की आँखों में आ गया. रोमाशोव को वह कभी भी इतनी दिलकश-ख़ूबसूरत नहीं लगी थी. वह देख रहा था कि उसके भीतर से कोई बड़ा, नया, आवेगपूर्ण भाव सनसनाकर फ़व्वारे की तरह बाहर आना चाह रहा है. कभी वह बिना कुछ कहे रोमाशोव की ओर मुड़ती और चुपचाप उसकी ओर देखती, शायद ज़रूरत से सिर्फ आधा सेकंड ज़्यादा, हमेशा से कुछ ज़्यादा, मगर हर बार उसकी आँखों में उसे इस समझ में न आने वाली, तपिश भरी, आकर्षण शक्ति का अनुभव होता.
ओसाद्ची, जो दस्तरख़ान के प्रमुख स्थान पर अकेला बैठा था, थोड़ा उठा और घुटनों के बल खड़ा हो गया. ग्लास पर चाकू से ठक ठक करते हुए उसने लोगों को ख़ामोश किया और नीची, गूँजती हुई आवाज़ में बोलने लगा, जो जोशीली लहरों की तरह जंगल की साफ हवा में हिलोरें ले रही थी, तो..., महाशय...पहला जाम पियें हमारी ख़ूबसूरत मेज़बान की सेहत के लिए जिनका आज नामकरण दिन है. ख़ुदा उन्हें हर तरह की ख़ुशी और ‘जनरलाइन’ का ओहदा दे.
और बड़े से जाम को ऊपर ऊँचा उठाकर वह अपने भयंकर गले की पूरी ताक़त से चिल्लाया, हुर्रे!
ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा जंगल इस शेर की दहाड़ से चौंक गया, और उसकी गूँज पेड़ों के बीच से भागने लगी. अन्द्रूसेविच, जो ओसाद्ची की बगल में बैठा था, झूठ मूठ के डर से पीठ के बल ज़मीन पर गिर पड़ा और ऐसा दिखाने लगा मानो बहरा हो गया हो. बाकी के लोग ख़ुशी से चिल्लाने लगे. आदमी शूरोच्का के पास अपना अपना जाम टकराने के लिए जाने लगे. रोमाशोव जानबूझकर सबसे पीछे रहा, और उसने इस बात पर ग़ौर किया. ख़ामोशी और हसरत से मुस्कुराते हुए उसने अपना सफ़ेद वाईन वाला ग्लास उसकी ओर बढ़ा दिया. इस पल उसकी आँखें अचानक चौड़ी हो गईं, काली हो गईं, और होंठ, किसी एक शब्द को कहते हुए भावुकता से, मगर बेआवाज़ थरथराए. मगर वह फ़ौरन मुड़ गई और हँसते हुए तालमान से बातें करने लगी. ‘उसने क्या कहा?’ रोमाशोव सोचने लगा, ‘उसने कहा क्या?’ इस बात ने उसे परेशान और उत्तेजित कर दिया. उसने चुपचाप हाथों में अपना चेहरा छिपा लिया और होठों को वैसे ही हिलाने की कोशिश करने लगा, जैसे शूरोच्का ने किया था; इस तरह से वह अपनी कल्पना में उन शब्दों को पकड़ने की कोशिश करने लगा, मगर यह उससे हो न पाया. ‘ मेरे प्यारे?’ ‘लव यू?’ ‘रोमोच्का?’ नहीं ये वो नहीं है.’ एक बात वह अच्छी तरह जानता था कि उसके द्वारा कहा गया शब्द तीन अक्षरों वाला था.
इसके बाद जाम पिया गया निकोलाएव की सेहत के लिए और भविष्य में उसकी जनरल-स्टाफ में सेवा-संबंधित सफलता के लिए, जाम ऐसे जोश से पिया गया जैसे किसी को भी, कभी भी इस बात में सन्देह नहीं था कि आख़िरकार उसे अकाडेमी में प्रवेश मिल ही जाएगा. फिर शूरोच्का के प्रस्ताव पर, बड़े अलसाए से अंदाज़ में नामकरण-दिन वाले रोमाशोव के लिए पिया गया; वहाँ उपस्थित महिलाओं के लिए और आम तौर से सब महिलाओं के लिए; अन्य सभी उपस्थितों के लिए पिया गया, अपनी कम्पनी के यश के लिए पिया गया, और अविजित रूसी सेना के लिए पिया गया...
तालमान, जिसे काफ़ी चढ़ चुकी थी, उठकर खड़ा हो गया और भर्राते हुए, किंतु भावुक स्वर में चिल्लाया, महोदय, मैं प्रस्ताव रखता हूँ हमारे प्यारे, हमारे आदरणीय सम्राट के स्वास्थ्य के लिए जाम पीने का, जिनकी ख़ातिर हममें से हरेक अपने खून की आख़िरी बूँद तक बहाने के लिए तत्पर है!
अंतिम शब्द उसने अप्रत्याशित रूप से पतली, सीटी सी बजाती आवाज़ में कहे क्योंकि उसकी छाती में हवा ही पर्याप्त नहीं थी. उसकी बंजारों जैसी, डाकुओं जैसी पीले डेलों वाली काली आँखें अचानक असहायता और दयनीयता से झपकने लगीं और साँवले गालों पर आँसू बहने लगे.
 राष्ट्र गीत, राष्ट्र गीत! छोटी सी, मोटी अन्द्रूसेविच ने जोश से माँग की.
 सब खड़े हो गए. अफ़सरों ने अपने हाथ कैप से सटा लिए. बेतरतीब, मगर उत्साहजनक शब्द बगीचे में तैरने लगे, और सबसे ज़्यादा ज़ोर से, सबसे अधिक कृत्रिमता से, चेहरे पर हमेशा से ज़्यादा पीड़ा लिए गा रहा था भावुक स्टाफ़-कैप्टेन लेशेन्को.
संक्षेप में, बहुत ज़्यादा पी रहे थे – हमेशा ही की तरह – वैसे भी , रेजिमेंट में पिया करते थे; एक दूसरे के घरों में, मेस में, डिनर समारोह में और पिकनिकों पर भी पीते ही थे. सभी एक साथ बोल रहे थे और अलग अलग आवाज़ों को पहचान पाना मुश्किल हो रहा था. शूरोच्का, जिसने बहुत सारी सफ़ेद वाईन पी ली थी, पूरी तरह लाल पड़ गई थी, पुतलियाँ फैल जाने के कारण जिसकी आँखें बिल्कुल काली हो गई थीं, नम लाल लाल होंठ लिए अचानक रोमाशोव के बिल्कुल नज़दीक झुकी.
 मुझे ये कस्बाई पिकनिकें पसन्द नहीं हैं, इनमें कोई ओछी से और कमीनी चीज़ होती है, उसने कहा. सच बात तो ये है कि इसे पति की ख़ातिर करना पड़ा, जाने से पहले, मगर, ओह गॉड़, कितना बेवकूफ़ी भरा है यह सब! वाक़ई में, यह सब हमारे घर के गार्डन में करना चाहिए था, - आप तो जानते हैं कि हमारा गार्डन कितना ख़ूबसूरत है – पुराना, छायादार. मगर फिर भी न जाने क्यों मैं आज इतनी ख़ुश हूँ, पागलपन की हद तक. हे भगवान, मैं कितनी ख़ुश हूँ! नहीं, रोमोच्का, प्यारे, मैं जानती हूँ, किसलिए, और ये मैं आपको बाद में बताऊँगी...मैं बाद में बताऊँगी...मैं बताऊँगी...आह, नहीं, नहीं, रोमोच्का, मैं कुछ भी, कुछ भी नहीं जानती.
उसकी ख़ूबसूरत आँखों की पलकें अधमुंदी थीं, और उसके पूरे चेहरे पर कुछ था – आकर्षित करता हुआ सा, वादा सा करता हुआ और पीड़ा भरी बेसब्री सा. वह बेहया-ख़ूबसूरत सा हो गया, और रोमाशोव, अभी तक न समझते हुए, रहस्यमय भावना से महसूस कर रहा था एक हवस भरी परेशानी, जो शूरोच्का पर हावी हो चुकी थी; महसूस कर रहा था अपने शरीर में हो रही उस मीठी सी थरथराहट से जो उसके हाथों, पैरों में, और सीने में भी दौड़ रही थी.
 आज आप अलग लग रही हैं. क्या हो गया है आपको? उसने फुसफुसाहट से पूछा.
उसने फ़ौरन एक मासूम, शालीन अचरज से जवाब दिया, मैं आपसे कह तो रही हूँ कि नहीं जानती. मैं नहीं जानती. देखिए: आसमान नीला है, दुनिया नीली है...और मेरा मूड़ भी अजीब सा नीला नीला है, कोई नीली नीली ख़ुशी है! मेरे जाम में और वाईन भरो, रोमोच्का, मेरे प्यारे बच्चे...
मेज़पोश के दूसरी ओर बात हो रही थी जर्मनी के साथ संभावित युद्ध की, जिसे बहुत सारे लोग क़रीब क़रीब तय मान रहे थे. बहस छिड़ गई, शोर गुल भरी, कई आवाज़ों की एक साथ, बेवकूफ़ी भरी. अचानक ओसाद्ची की ग़ुसैल, निर्णयात्मक आवाज़ सुनाई दी. वह पूरी तरह नशे में धुत था, मगर यह सिर्फ इसी बात से ज़ाहिर हो रहा था कि उसका ख़ूबसूरत चेहरा बेहद फीका पड़ गया, और बड़ी बड़ी काली आँखों की गहरी नज़र और भी धुंधली हो गई.
 बकवास! वह तीखेपन से चिल्लाया. मैं पूरे यक़ीन के साथ कहता हूँ कि यह बकवास है. लड़ाई का अध:पतन हो चुका है. दुनिया की हर चीज़ का अध:पतन हो गया है. बच्चे एकदम अहमक पैदा होते हैं, औरतें टेढ़ी-टेढ़ी हो रही हैं, आदमी नर्व्हस हो रहे हैं. ‘आह ख़ून! आह, मैं बेहोश हो रहा हूँ!’ उसने नकियाती आवाज़ में किसी की नकल की. :और यह सब इसलिए कि वास्तविक, खूँख़ार, निष्ठुर युद्ध का ज़माना बीत चुका है. ये कोई लड़ाई है? पन्द्रह मील से तुम पर – ठाँय! और तुम घर पर वापस लौटते हो हीरो बनकर. माय गॉड, सोचो, कैसी बहादुरी है! तुम्हें क़ैदी बना लिया जाता है. ‘आह, प्यारे; आह, दुलारे, सिगरेट तो नहीं पीना? या फिर, शायद, चाय? गर्माहट तो काफ़ी मिल रही है न, बेचारे, तुम को? बिस्तर तो नर्म है न?’ ऊ-ऊ! ओसाद्ची भयानक आवाज़ में गुरगुराया और उसने वार की प्रतीक्षा कर रहे एक साँड़ की तरह सिर नीचे झुका लिया. लड़ाईयाँ तो होती थीं इस शताब्दी के मध्य में – ये बात मैं समझता हूँ. रातों को होते थे हमले. पूरा शहर आग में ख़ाक. ‘तीन दिनों के लिए लूटने के लिए शहर को सैनिकों के हवाले करता हूँ!’ घुस जाते थे. ख़ून-ख़राबा और आगज़नी. शराब के ड्रमों के ढक्कन तोड़ देते. खून और शराब बह रहे हैं सड़कों पर. ओह, कितनी अच्छी थीं मौजमस्तीपूर्ण ये दावतें भग्नावशेषों में! औरतों को – नग्न, खूबसूरत, रोती हुई – बाल पकड़ कर खींचते थे. रहम नाम की कोई चीज़ थी ही नहीं. वे तो बहादुरों की लूट का मीठा माल थीं!...
 मगर, आप बहुत ज़्यादा न पसरिए, सोफ़्या पाव्लोव्ना तालमान ने मज़ाक से फ़ब्ती कसी.
 रातों को घर जलते और हवा चलती, और हवा से वध स्तंभों पर लटकते हुए काले शरीर झूलते, और उनके ऊपर कौए चिल्लाते. और वध स्तंभों के नीचे अलाव जलते और विजेता जश्न मनाते. क़ैदी होते ही नहीं थे. क़ैदी किसलिए? उनके लिए अलग से अपनी ताक़त क्यों खर्च की जाए? आ-आह! भिंचे हुए होठों से ओसाद्ची तैश में चिल्लाया. कैसा बहादुरी भरा, कैसा ख़ूबसूरत वक़्त था वो! और लड़ाईयाँ भी कैसी! जब एक दूसरे के सीनों को छेदते हुए घंटों तक लड़ते थे, निष्ठुरता से और आवेश से, वहशियत से और चौंका देने वाली कला से. क्या लोग थे वो, कैसी डरावनी ताक़त थी उनमें! या ख़ुदा! वह पैरों पर खड़ा हो गया, अपनी पूरी विशाल ऊँचाई प्रदर्शित करते हुए, और उसकी आवाज़ जोश और धृष्ठता से झनझनाने लगी. महोदय, मैं जानता हूँ कि सैनिक-स्कूलों से आप लोग आधुनिक मानवतावादी युद्ध के बारे सूखे-रोग जैसी निर्बल, मरियल सी, कल्पनाएँ लेकर निकलते हैं. मगर, मैं पी रहा हूँ...अगर कोई भी मेरा साथ न दे तो भी मैं अकेला ही पिऊँगा पुराने युद्धों की ख़ुशी के लिए, ख़ुशनुमा और ख़ूनी निर्दयता के लिए!
सब ख़ामोश थे, जैसे आम तौर से निराश, ख़ामोश तबियत आदमी के आकस्मिक जोश तले दब गए हों, और उसकी तरफ़ देख रहे थे – उत्सुकता से और भय से. मगर अचानक बेग-अगामालोव अपनी जगह से उछला. उसने यह इतने अचानक और इतनी फुर्ती से किया कि काफ़ी लोग काँप गए, और एक महिला तो डर के मारे उछल पड़ी. उसकी आँखें बाहर निकल आईं और वहशियत से चमकने लगीं, सफ़ेद दाँत वहशियत से भिंचे थे. वह गहरी गहरी साँसे ले रहा था और उसे शब्द नहीं मिल रहे थे.
 ओ, ओ! यही है वो...यही, मैं समझ रहा हूँ!! आ!
उसने थरथराती ताक़त से, मानो क्रोध में, ओसाद्ची का हाथ कस कर पकड़ लिया और हिलाया. शैतान ले जाए इस सड़ी हुई चीज़ को! शैतान ले जाए रहम दिली को! आ! का-काटो!!
अपने वहशी मन को उसे किसी पर उतारना ज़रूरी था, जिसमें आम तौर से पुरानी, जन्मजात रक्तपिपासा चुपके चुपके ऊँघा करती थी. उसने अपनी खूनी आँखों से चारों ओर देखा और अचानक म्यान से तलवार निकाल कर वहशियत से शाहबलूत की झाड़ियों पर वार कर दिया. टहनियाँ और कोमल पत्ते मेज़पोश पर उड़े और बैठे हुए सभी व्यक्तियों को बारिश की तरह सराबोर कर गए.
 बेग! बेवकूफ़! जंगली! औरतें चिल्लाने लगीं.
बेग-अगामालोव को जैसे फ़ौरन होश आ गया और वह बैठ गया. प्रत्यक्ष रूप से वह उलझन में पड़ गया था अपने इस निराधार क्रोधावेग के कारण, मगर उसके पतले नथुने, जो ज़ोर ज़ोर से तेज़ तेज़ साँस छोड़ रहे थे, फूल गए थे और थरथरा रहे थे, काली आँखें गुस्से के कारण विद्रूप हो गई थीं, कनखियों से और आह्वानपूर्वक उपस्थित व्यक्तियों को देख रही थीं.
रोमाशोव ओसाद्ची को सुन भी रहा था और नहीं भी सुन रहा था. उसे एक विचित्र अनुभूति हुई, नींद जैसी, मीठे मीठे सुरूर की जो किसी ऐसे विचित्र पेय के कारण छाया था, जिसका पृथ्वी पर अस्तित्व नहीं है. उसे ऐसा प्रतीत हुआ कि गर्माहट लिए एक नाज़ुक मकड़ी हौले हौले, अलसाहट से उसके पूरे जिस्म को लपेट रही है और प्यार से गुदगुदा रही है और उसकी आत्मा को आंतरिक, उल्लासपूर्ण मुस्कुराहट से भर रही है. उसका हाथ अक्सर, जैसे कि उसके स्वयँ के लिए भी अप्रत्याशित रूप से, शूरोच्का के हाथ को छू रहा था, मगर अब वे एक दूसरे की ओर नहीं देख रहे थे. रोमाशोव मानो ऊँघ रहा था. ओसाद्ची और बेग-अगामालोव की आवाज़ें उस तक, जैसे कहीं दूर से, किसी काल्पनिक कोहरे से आ रही थीं और वे समझ में तो आ रही थीं, मगर ख़ाली ख़ाली थीं.
ओसाद्ची...वह निर्दयी आदमी है, वह मुझे पसन्द नहीं करता, रोमाशोव सोच रहा था और वह, जिसके बारे में वह सोच रहा था, अब पहले वाला ओसाद्ची नहीं था, बल्कि एक नया, ख़तरनाक तौर से दूर, और वह वास्तविक भी नहीं था, बल्कि सिनेमा के परदे पर चलती फिरती कोई ज़िन्दा तस्वीर था. ओसाद्ची की बीबी छोटी सी है, दुबली पतली, दयनीय, हमेशा गर्भवती...वह उसे अपने साथ कहीं भी नहीं ले जाता...उसकी रेजिमेंट में पिछले साल एक जवान सिपाही ने फाँसी लगा ली थी...ओसाद्ची...हाँ...क्या चीज़ है ये ओसाद्ची? अब, ये बेग चीख रहा है...ये आदमी कौन है? क्या मैं इसे जानता हूँ? हाँ, मैं उसे जानता हूँ, मगर फिर यह इतना अजीब सा, पराया सा, मेरी समझ से परे क्यों है? और, ये मेरे पास कोई बैठा है...कौन हो तुम? तुमसे ख़ुशी प्रवाहित हो रही है और मैं इस खुशी के सुरूर में हूँ. नीली नीली ख़ुशी!...ये, मेरे सामने निकोलाएव बैठा है. वह अप्रसन्न है. उसने चुप्पी साध ली है. यूँ ही इधर देख लेता है, जैसे आँखें फिसल रही हों, आह, होने दो उसे ग़ुस्सा – कोई फर्क नहीं पड़ता. ओह, नीली नीली ख़ुशी! 
अंधेरा होने लगा. पेड़ों की गहरी बैंगनी, ख़ामोश छाया मैदान पर पड़ रही थी. छोटी मीखिना ने अचानक कहा:
 महाशय, बनफ़्शा का क्या? कहते हैं कि यहाँ ढेर सारे बनफ़्शा के फूल हैं? चलें, उन्हें इकट्ठा करें.
 देर हो गई है, किसी ने कहा. अब तो घास पर कुछ भी दिखाई नहीं देगा.
 अब तो घास में कुछ ढूँढ़ने के बदले खो देना आसान है, दीत्स ने दुष्ट मुस्कुराहट से कहा.
 तो फिर, चलिए, अलाव जलाएँ.
सूखी टहनियों और पिछले साल के सूखे पत्तों का एक बड़ा ढेर घसीट कर लाया गया और अलाव जलाया गया. ख़ुशनुमा आग का चौड़ा स्तंभ आसमान की ओर उठा. दिन के बचे खुचे अवशेष, मानो भयभीत होकर ग़ायब हो गए, अंधेरे को जगह देते हुए, जो बगीचे से बाहर निकलकर अलाव पर चढ़ा चला आ रहा था. गहरे लाल किरमिजी धब्बे घबराते हुए कंपकंपा रहे थे, शाहबलूत के सिरों पर फड़फड़ा रहे थे, और ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पेड़ हौले से हिल रहे हैं, डोल रहे हैं, कभी प्रकाश की लाली में दिखाई देते हुए, कभी वापस अंधेरे में छिप रहे हैं.
सभी दस्तरख़ान से उठ पड़े. अर्दलियों ने काँच के शेड्स में मोमबत्तियाँ जला दीं. नौजवान अफ़सर स्कूली बच्चों के समान शरारतें करने लगे. ओलिज़ार मीखिन से कुश्ती लड़ने लगा, और, सबको चकित करते हुए, छोटे से फूहड़ मीखिन ने लगातार दो बार अपने लंबे-तड़ंगे, सुदृढ़ प्रतिद्वन्द्वी को चित कर दिया. फिर आग के ऊपर से कूदने लगे. अन्द्रूसेविच नकल करने लगा कि कैसे मक्खी खिड़की के शीशे से टकराती है; और वह, झाड़ियों के पीछे छिपकर दिखा रहा था कि कैसे मुर्ग़ीख़ाने की बूढ़ी नौकरानी मुर्गी पकड़ती है; धार बनाने वाले पत्थर पर चाकू और आरी की आवाज़ निकाल रहा था – वह इस कला में बहुत प्रवीण था. दीत्स भी ख़ाली बोतलों से बड़ी फुर्ती से बाज़ीगरी दिखा रहा था.
 इजाज़त दीजिए, महाशय, अब मैं आपको एक बेहतरीन कलाबाज़ी दिखाता हूँ! अचानक तालमान चीख़ा. इसमें न तो कोई जादू है और न ही हाथ की सफ़ाई, बल्कि हाथ की फुर्ती है. आदरणीय पब्लिक से गुज़ारिश करता हूँ कि ध्यान दें: मेरी आस्तीनों में कोई चीज़ छिपी हुई नहीं है. शुरू करता हूँ. एक, दो, तीन...और हुप्!...
उसने फुर्ती से, सबके ठहाकों के बीच जेब से ताश की दो नई गड्डियाँ निकालीं और चरचराहट के साथ उन्हें खोल दिया.
 विन्त* हो जाए, महाशय? उसने प्रस्ताव रखा. ताज़ी हवा में, हाँ?
ओसाद्ची, निकोलाएव और अन्द्रूसेविच ताश खेलने बैठ गए. लेशेन्को गहरी साँस लेकर उनके पीछे बैठ गया. निकोलाएव बड़ी देर तक भुनभुनाते हुए, अप्रसन्नता से इन्कार करता रहा, मगर उसे किसी तरह मना लिया गया. बैठते हुए, उसने कई बार परेशानी से पीछे की ओर देखा, आँखों से शूरोच्का को तलाशते हुए, मगर चूँकि अलाव की रोशनी में उसे बारीक़ी से देखने में कठिनाई हो रही थी, इसलिए हर बार तनाव से उसके चेहरे पर झुर्रियाँ पड़ जाती थीं और उस पर दयनीय, पीड़ित और बुरा सा भाव छा जाता.
बाकी के लोग धीरे धीरे अलाव से कुछ दूर मैदान में घूमने लगे. लुका-छिपी का खेल शुरू किया गया, मगर यह मनोरंजन जल्दी ख़त्म हो गया, जब मीख़िन की बहनों में से बड़ी वाली, जिसे दीत्स ने पकड़ लिया था, अचानक इतनी लाल हो गई कि उसकी आँखों से आँसू बहने लगे और उसने खेलने से दो टूक इनकार कर दिया. जब वह यह कह रही थी, तो ग़ुस्से और अपमान से उसकी आवाज़ थरथरा रही थी, मगर वजह उसने नहीं बताई.  
रोमाशोव पतली पगडंड़ी से बगीचे के भीतर, गहराई में जाने लगा. वह समझ नहीं पा रहा था कि
उसे किस चीज़ का इंतज़ार है, मगर एक अस्पष्ट, सुखद पूर्वानुभूति से उसके दिल में एक मीठा मीठा शिथिल दर्द हो रहा था. वह रुक गया. उसे अपने पीछे टहनियों की हल्की चरचराहट, फिर
--------------------------------------------  
*विन्त: ताश का एक खेल
तेज़ क़दमों की आहट और रेशमी स्कर्ट की सरसराहट सुनाई दी. शूरोच्का तेज़ी से उसके नज़दीक आई – फुर्तीली और सुडौल जैसे कोई चमकीली वनपरी हो, अपनी सफ़ेद ड्रेस में, वृक्षों के अंधेरे तनों के बीच कभी उसकी झलक दिखाई देती, कभी वह लुप्त हो जाती.रोमाशोव उसके पास आया और बिना कुछ कहे उसे अपनी बाँहों में ले लिया. तेज़ चाल के कारण शूरोच्का की साँस जल्दी जल्दी चल रही थी. उसकी गर्म साँसें बारबार रोमाशोव के गालों और होठों को छू रही थीं, और वह अपने हाथ के नीचे उसके धड़कते दिल को महसूस कर रहा था.
 बैठेंगे, शूरोच्का ने कहा.
वह घास पर बैठ गई और दोनों हाथों से सिर के बाल ठीक करने लगी. रोमाशोव उसके पैरों के पास लेट गया, और चूंकि इस जगह ज़मीन ढलवाँ थी, अत: वह सिर्फ उसकी गर्दन और ठोढ़ी की रूपरेखा ही देख सकता था.
अचानक उसने धीमी, कंपकंपाती आवाज़ में पूछा:
 रोमोच्का, तुम ठीक तो हो?
अच्छा हूँ, उसने जवाब दिया. फिर एक पल सोचकर, आज के पूरे दिन को याद किया और जोश से दुहराया, ओह, हाँ, आज मुझे इतना अच्छा लग रहा है, इतना अच्छा लग रहा है! बताईए, आज आप ऐसी क्यों हैं?
 कैसी?
नज़दीक आकर वह उसकी ओर झुकी, उसकी आँखों में देखते हुए, और अचानक उसका पूरा चेहरा रोमाशोव को दिखाई देने लगा.
 आप आश्चर्यजनक हैं, असाधारण हैं. इतनी ख़ूबसूरत आप पहले कभी नहीं थीं. आपके भीतर कोई चीज़ गा रही है और चमक रही है. आपके अन्दर कुछ नया सा, पहेली जैसा, मैं समझ नहीं पा रहा हूँ कि क्या...मगर...आप मुझ पर गुस्सा न करें, अलेक्सान्द्रा पेत्रोव्ना...क्या आपको डर नहीं लगता कि हम पकड़े जाएँगे?
वह हौले से हँसी, और यह हल्की सी, प्यारी हँसी रोमाशोव के सीने में एक ख़ुशनुमा कँपकँपाहट के रूप में गूंज उठी.  प्यारे रोमोच्का! प्यारे, भले, डरपोक, प्यारे रोमोच्का. मैंने तो आपसे पहले ही कहा था कि ये दिन हमारा है. किसी और चीज़ के बारे में सोचिए भी नहीं. जानते हैं मैं आज इतनी निडर क्यों हूँ? नहीं? नहीं जानते? आज मैं आपके प्यार में गिरफ़्तार हो गई हूँ. नहीं, नहीं, आप कोई ख़याली पुलाव न पकाईये, यह कल ख़त्म भी हो जाएगा...
रोमाशोव ने उसकी ओर हाथ बढ़ाए, उसके जिस्म को ढूँढ़ते हुए.
 अलेक्सान्द्रा पेत्रोव्ना...शूरोच्का...साशा! उसने मनाते हुए स्वर में कहा.
 मुझे शूरोच्का कहकर न बुलाईये, मुझे यह अच्छा नहीं लगता. बाकी कुछ भी चलेगा, सिर्फ यह नहीं...और हाँ,जैसे अचानक उसे याद आया, कितना अच्छा नाम है आपका – जॉर्जी (गिओर्गी). यूरी से कहीं ज़्यादा अच्छा है...जॉ-र-जी! उसने धीरे धीरे खींचते हुए कहा, मानो इस शब्द की ध्वनि को ध्यान से सुन रही हो. यह बड़ा शानदार है.
 ओह, प्यारी! रोमाशोव ने लालसापूर्वक कहा.
 रुकिए...ओह, सुनिए भी. ये सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है. मैंने आज आपको सपने में देखा. ये आश्चर्यजनक रूप से ख़ूबसूरत था. मुझे सपना आया, जैसे हम-तुम किसी विशेष कमरे में वाल्ट्ज़ कर रहे हैं. ओह, मैं फ़ौरन उस कमरे को पहचान जाऊँगी, सभी बारिकियों समेत. बहुत सारे कालीन थे, मगर सिर्फ एक लाल रंग की लालटेन जल रही थी, नया पियानो चमक रहा था, दो खिड़कियाँ लाल परदों वाली, - हर चीज़ लाल थी. कहीं से म्युज़िक की आवाज़ आ रही थी, दिखाई नहीं दे रहा था कि कहाँ से, और मैं और आप नृत्य कर रहे थे...नहीं, नहीं, सिर्फ सपने में ही इतनी मीठी, इतनी भावपूर्ण नज़दीकियाँ हो सकती हैं. हम जल्दी जल्दी राऊंड ले रहे थे, मगर हमारे पैर फर्श को छू नहीं रहे थे, मानो हम हवा में तैर रहे थे और गोल घूम रहे थे, घूम रहे थे. आह, यह इतनी देर तक चलता रहा और इतना प्यारा – आश्चर्यजनक रूप से इतना प्यारा, कि वर्णन नहीं किया जा सकता...सुनिए, रोमोच्का, क्या आप सपने में उड़ते हैं?
रोमाशोव ने फ़ौरन जवाब नहीं दिया. मानो वह एक विचित्र, आकर्षक, एक ही साथ सजीव और जादुई परी-कथा में चला गया. हाँ, इस बसंती रात की गर्माहट और अंधेरा परी-कथा जैसे ही तो थे, और चारों ओर एकाग्र चित्त, ख़ामोश वृक्ष, और विचित्र, प्यारी औरत, सफ़ेद लिबास में, बगल में बैठी हुई, उसके इतने निकट. और इस तिलिस्म से जागने के लिए, उसे कोशिश करनी होगी.
 बेशक, उड़ता हूँ, उसने जवाब दिया. मगर हर साल नीचे, और नीचे. पहले, बचपन में, मैं छत के नीचे उड़ता था. बड़ा हास्यास्पद लगता था ऊपर से लोगों को देखना: जैसे वे पैर ऊपर किए चल रहे हों. वे मुझे फर्श साफ़ करने के ब्रश से पकड़ने की कोशिश करते, मगर पकड़ नहीं पाते. और मैं, बस उड़ रहा हूँ और हँस रहा हूँ...अब यह नहीं होता, अब मैं सिर्फ उछलता हूँ, रोमाशोव ने गहरी साँस लेकर कहा. पैरों से अपने आप को धकेलता हूँ और धरती पर उड़ता हूँ. यही, क़रीब बीस कदम – और वह भी नीचे, एक आर्शिन से ऊँचे नहीं.
शूरोच्का कोहनियाँ टिकाकर हथेलियों में अपना चेहरा रखे, ज़मीन पर एकदम झुक गई. कुछ देर ख़ामोश रही, वह ख़यालों में खोये खोये अपनी बात कहती रही:
 और, फिर इस सपने के बाद, सुबह, तुम्हें देखने की बड़ी इच्छा हुई, ज़बर्दस्त, तीव्र इच्छा हुई. अगर आप नहीं आते तो मालूम नहीं, मैं क्या कर बैठती. शायद, मैं ख़ुद आपके पास भाग कर आ जाती. इसीलिए तो मैंने आपको चार बजे के बाद ही आने को कहा था. मुझे अपने आप से डर लग रहा था. मेरे प्यारे, क्या आप मुझे समझ रहे हैं?
रोमाशोव के चेहरे से आधे आर्शिन की दूरी पर उसके पैर थे, एक दूसरे पर क्रॉस बनाते हुए, दो छोटे छोटे पैर, सपाट जूतों और सफ़ेद तीरों जैसे डिज़ाइन वाले काले स्टॉकिंग्स में. बोझिल दिमाग़ से, कानों में सनसनाहट महसूस करते हुए रोमाशोव अचानक दाँतों से इस ज़िन्दा, लचीले, स्टॉकिंग्ज़ में छिपे इस ठंडे जिस्म से सट गया.
 रोमोच्का...नहीं, नहीं, उसने अपने ऊपर उसकी कमज़ोर, खींचती हुई और अलसाई हुई आवाज़ सुनी.
उसने सिर उठाया, और उसे इस पल हर चीज़ फिर से आश्चर्यजनक, रहस्यमय जंगल की परी-कथा सी लगी. बगीचा ढलान से ऊपर की ओर जा रहा था – काली घास और काले, विरल, ख़ामोश पेड़ों सहित जो इस उनींदेपन में निश्चलता से और बारीकी से कोई चीज़ सुन रहे थे; और बिल्कुल ऊपर, उनके सिरों और दूर के तनों के घने झुरमुट से होकर क्षितिज की ऊँची, समांतर रेखा पर संध्या की लाली का पतला पट्टा चमक रहा था – न तो लाल और न ही किरमिजी, बल्कि गहरे-बैंगनी रंग का, असाधारण रंग का, बुझते हुए कोयले जैसा या उस लपट की तरह जो गहरी लाल शराब के आरपार देखी जा रही हो. और काले पेड़ों के बीच की इस पहाड़ी पर, काली ख़ुशबूदार घास पर लेटी थी, विश्राम करती हुई वन-परी की तरह, अबूझ, ख़ूबसूरत, सफ़ेद औरत.
रोमाशोव उसके और नज़दीक सरका. उसे ऐसा प्रतीत उसे ऐसा प्रतीत हुआ कि उसके चेहरे से एक फ़ीकी सी आभा निकल रही है. उसकी आँखें नज़र नहीं आ रही थीं – उनके स्थान पर दो बड़े बड़े काले धब्बे थे, मगर रोमाशोव को महसूस हुआ कि वह उसकी ओर देख रही है.
 यह परी-कथा है!सिर्फ होठों को हिलाते हुए वह फुसफुसाया.
 हाँ, प्यारे, परी-कथा है...
वह उसकी ड्रेस को चूमने लगा, उसका हाथ ढूँढ़ा और पतली, गर्माहट भरी हथेली में अपना चेहरा छुपा लिया, साथ ही वह गहरी गहरी साँसे लेते हुए बोलता भी जा रहा था, टूटती हुई आवाज़ में..
 साशा...मैं आपसे प्यार करता हूँ...प्यार करता हूँ...
अब, कुछ ऊपर उठकर, उसने स्पष्ट रूप से उसकी आँखों को देखा, जो बड़ी बड़ी, काली हो गई थीं, कभी वे सिकुड़तीं, कभी फैल जातीं, और इस वजह से अंधेरे में उसका जाना-अनजाना चेहरा बड़े चमत्कारिक ढंग से बदलता जा रहा था. वह ललचाए हुए सूखे होठों से उसका मुँह ढूँढ़ रहा था, मगर वह उससे दूर हट गई, हौले से सिर हिलाया और हौले हौले फुसफुसाकर दुहराने लगी, नहीं, नहीं, नहीं...मेरे प्यारे, नहीं...
 मेरी प्यारी...कैसा सुख है! मैं तुमसे प्यार करता हूँ... रोमाशोव ने एक सुखद उन्माद से ज़ोर देकर कहा. मैं तुमसे प्यार करता हूँ. देखो: ये रात और ख़ामोशी, और हमारे अलावा कोई भी नहीं है. ओह, मेरा सुख, कितना प्यार है मुझे तुमसे!
मगर वह फुसफुसाकर बोली, नहीं, नहीं, भारी भारी साँसे लेते हुए, ज़मीन पर लेटते हुए. आख़िरकार वह मुश्किल से सुनी जाने वाली आवाज़ में, जैसे बड़ी कोशिश करते हुए, बोली,
  रोमोच्का, आप ऐसे...कमज़ोर, क्यों हैं! मैं छुपाना नहीं चाहती, मैं आपकी ओर खिंची जाती हूँ, मुझे आपकी हर चीज़ अच्छी लगती है: आपका बेढंगापन, आपका साफ़-सुथरापन, आपकी कोमलता. मैं आपसे यह नहीं कहूँगी कि आपसे प्यार करती हूँ, मगर मैं हमेशा आपके बारे में सोचती रहती हूँ, आपको सपने में देखती हूँ, मैं...आपको महसूस करती हूँ...आपकी नज़दीकी और हमारा एक दूसरे को स्पर्श करना मुझे उत्तेजित करता है. मगर आप ऐसे दयनीय क्यों हैं! दयनीयता, बेचारगी – घृणा की ही बहनें हैं. सोचिए, मैं आपकी इज़्ज़त नहीं कर सकती. ओह, अगर आप ताक़तवर होते! उसने रोमाशोव के सिर से कैप हटा दी और हौले से उसके नरम बालों को सहलाने लगी. अगर आप बड़ा नाम कमा पाते, ऊँचा ओहदा प्राप्त करते!...
 मैं करूँगा, मैं ऐसा करूँगा! हौले से रोमाशोव चहका. बस, आप सिर्फ मेरी रहिए. मेरे पास आ जाईये. मैं पूरी ज़िन्दगी...
उसने प्यारी और दुखभरी मुस्कुराहट से, जो रोमाशोव ने उसके लहज़े में सुनी, उसकी बात काटी, मैं यक़ीन करती हूँ कि तुम ऐसा चाहते हो, प्यारे, यक़ीन करती हूँ, मगर आप कुछ भी तो नहीं करते. मैं जानती हूँ कि नहीं करते. ओह, अगर मुझे ज़रा भी यक़ीन होता तो मैं सब कुछ छोड़ छाड़ कर आपके पीछे आ जाती. आह, रोमोच्का, मेरे अच्छे रोमोच्का. मैंने सुना है, किसी एक लोक कथा में कहा है, कि भगवान ने पहले सब लोगों को परिपूर्ण बनाया, और फिर न जाने क्यों हरेक को दो हिस्सों में बाँट दिया और उन्हें दुनिया में फेंक दिया. और, सदियों से एक हिस्सा दूसरे को ढूँढ़ रहा है – मगर फिर भी ढूँढ़ नहीं पाता है. मेरे प्यारे, हम और तुम – ये ही दो आधे हिस्से हैं; हमारे बीच हर चीज़ एक जैसी है: पसन्द, नापसन्द, और ख़यालात, और सपने और इच्छाएँ. हम एक दूसरे को आधे इशारे से समझ जाते हैं, आधे शब्द से, यहाँ तक कि बिना शब्दों के भी, सिर्फ आत्मा से ही. मगर मुझे तुमसे इनकार करना होगा. आह, यह मेरी ज़िन्दगी में दूसरे बार हो रहा है.
 हाँ, मुझे मालूम है!
 क्या उसने तुम्हें बताया? शूरोच्का ने जल्दी से पूछा.
 नहीं, यह बातों बातों में पता चला. मुझे मालूम है.
वे ख़ामोश हो गए. आसमान में थरथराते हरे बिन्दुओं की तरह पहले सितारे जल उठे. बाईं ओर से मुश्किल से उन तक पहुँच रही थी, कुछ आवाज़ें, हँसी और किसी का गाना. बगीचे का बाक़ी हिस्सा नर्म अंधेरे में डूबा हुआ, पवित्र, ध्यानमग्न ख़ामोशी से सराबोर था. यहाँ से अलाव नज़र नहीं आ रहा था, मगर पास के बलूत के पेड़ों के शिखरों पर दूर गर्मियों की चमकती बिजली के क्षणिक प्रकाश के समान एक पल को लाल फड़फड़ाती रोशनी दौड़ जाती. शूरोच्का ख़ामोशी से रोमाशोव के सिर और चेहरे को सहला रही थी; जब वह अपने होठों से उसका साथ पाता, वह ख़ुद ही उसके मुँह पर अपनी हथेली सटा देती.
 मैं अपने पति से प्यार नहीं करती, उसने धीरे धीरे कहा, जैसे कि ख़यालों में खोए खोए बोल रही हो. वह बदतमीज़, असभ्य, संवेदनारहित है. आह, - मुझे कहते हुए शर्म आती है, - मगर हम, औरतें, कभी भी हमारे ऊपर हुए पहले अत्याचार को नहीं भूल पाती हैं. फिर ऊपर से वह इतना जंगलियों की तरह ईर्ष्यालु है. वह अभी तक मुझे इस अभागे नज़ान्स्की के कारण पीड़ा पहुँचाता है. हर छोटी छोटी बात जानना चाहता है, ऐसे अजीब अजीब प्रस्ताव रखता है, छि:...इतने नीचताभरे सवाल पूछता है. हे भगवान! ये एक मासूम, किशोरावस्था का प्यार था! मगर वह सिर्फ़ उसके नाम से ही तैश में आ जाता है.
जब वह बात कर रही थी, तो उसकी आवाज़ हर पल कँपकँपा रही थी, रोमाशोव के सिर को सहला रहा हाथ थरथरा रहा था.
 क्या तुम्हें सर्दी लग रही है? रोमाशोव ने पूछा.
 नहीं प्यारे, मैं ठीक हूँ, उसने हौले से जवाब दिया.
और अचानक, उच्छृंखल लालसा से वह चहकी, आह, तुम्हारे साथ मुझे कितना अच्छा लग रहा है, मेरे प्यार!
तब उसने नम्रता से, अविश्वासपूर्ण लहज़े में, उसका हाथ अपने हाथ में लेकर हौले से उसकी पतली पतली उँगलियों को छूते हुए कहा, मुझे बताओ...विनती करता हूँ. तुम तो खुद ही कह रही हो कि उससे प्यार नहीं करतीं...तो तुम लोग साथ में क्यों हो?
मगर वह झटके से ज़मीन से थोड़ा उठी, बैठ गई और घबराते हुए अपने माथे और गालों पर हाथ फेरने लगी, जैसे अभी अभी जागी हो.
ख़ैर, देर हो गई है. चलेंगे. हमें ढूँढ़ने लगेंगे, शायद,उसने एक अलग ही, पूरी तरह शांत आवाज़ में कहा.
वे घास से उठ गए और ख़ामोश एक दूसरे के सामने खड़े रहे, एक दूसरे की साँसों को सुनते हुए, आँखों में झाँकते हुए और उन्हें न देखते हुए.
 अलबिदा! अचानक उसने खनखनाती आवाज़ में कहा. अलबिदा, मेरे सुख, थोड़ी सी देर को आए मेरे सुख!
वह उसकी गर्दन से लिपट गई और अपना गर्म, नम मुँह उसके होठों और भिंचे हुए दाँतों से सटा लिया, वासना से कराहते हुए उसके जिस्म से लिपट गई, पैरों से लेकर सीने तक. रोमाशोव को ऐसा लगा, कि बलूत के पेड़ों के काले शिखर एक ओर को झुक गए हैं और ज़मीन दूसरी ओर को तैर गई है, और वक़्त रुक गया है.
फिर उसने प्रयत्नपूर्वक स्वयँ को उसके हाथों से छुड़ाया और कठोरता से बोली, अलबिदा. बहुत हुआ. अब जाएँगे.
रोमाशोव उसके सामने घास पर गिर पड़ा, करीब करीब लेट गया, उसके पैरों को अपनी बाँहों में ले लिया और घुटनों को कस कर बेतहाशा चूमने लगा.
 साशा, साशेन्का! उसने बेमतलब फुसफुसाते हुए कहा, तुम अपने आप को मुझे क्यों नहीं देना चाहती हो? किसलिए? मेरी हो जाओ!...
 चलो, चलो, वह जल्दी मचाने लगी. अब उठो भी, गिओर्गी अलेक्सेयेविच. हमें पकड़ लेंगे. चलिए!
वे आवाज़ों की दिशा में चलने लगे. रोमाशोव की टाँगें मुड़ रही थीं और थरथरा रही थीं और कनपटियों में हथौड़े बज रहे थे. चलते हुए वह लड़खड़ा रहा था.
 मैं धोखा देना नहीं चाहती, शूरोच्का ने जल्दी जल्दी और अभी तक हाँफते हुए कहा, मगर, नहीं, मैं धोखे से ऊपर हूँ, मगर मैं कायरता दिखाना नहीं चाहती. धोखे में – हमेशा कायरता होती है. मैं तुम्हें सच बताती हूँ: मैंने अपने पति को कभी भी धोखा नहीं दिया और तब तक धोखा नहीं दूँगी, जब तक उसे किसी कारण से छोड़ नहीं देती. मगर उसके चुंबन और उसका प्यार मेरे लिए भयानक है, वे मुझमें घिन भर देते हैं. सुनो, मैंने अभी अभी, - नहीं, बल्कि और भी पहले, जब तुम्हारे बारे में मैं सोचती थी, तुम्हारे होठों के बारे में सोचती थी, - मगर मैं अभी समझी हूँ कि कितना आश्चर्यजनक आनन्द, कितनी ख़ुशी मिलती है स्वयँ को अपने प्रिय व्यक्ति को सौंपने में, मगर मुझे कायरता पसन्द नहीं है, छुप छुप कर चोरी करना अच्छा नहीं लगता. और फिर...रुको, मेरी ओर झुको, मेरे प्यारे, मैं तुम्हारे कान में कहती हूँ, शर्म आती है...फिर – मुझे बच्चा नहीं चाहिए. छि:, कितना घिनौनापन! अंडर-ऑफिसर की बीबी, अड़तालीस रुबल्स तनख़्वाह, छह बच्चे, लंगोट, गरीबी...ओह कितना भयानक है!
रोमाशोव ने अविश्वास से उसकी ओर देखा.
 मगर तुम्हारे पास तो पति है...ये तो अनिवार्य है, उसने अनिर्णय से कहा.
शूरोच्का ज़ोर से हँस पड़ी. इस हँसी में कोई सहज-अप्रियता थी, जिससे रोमाशोव की आत्मा में ठंड़ी लहर दौड़ गई.
 रोमोच्का – ओय, ओय, ओय, कितने बे-व-कू-फ़ हो तुम!
उसने रोमाशोव की परिचित, अपनी पतली, बच्चों जैसी आवाज़ को खींचते हुए कहा. क्या सचमुच ये चीज़ें नहीं समझते?
उसने अनमनेपन से कंधे उचका दिए. अपनी नासमझी पर उसे अटपटा लग रहा था.
 माफ़ कीजिए...मगर मुझे स्वीकार करना होगा...ईमानदारी से...
 ठीक है, ख़ुदा बचाए, ज़रूरी भी नहीं है. कितने साफ़-सुथरे, कितने प्यारे हैं आप रोमोच्का! तो, जब आप बड़े हो जाएँगे, तब शायद आपको मेरे शब्द याद आएँ: जो पति के साथ करना संभव है, वह प्रियतम के साथ असंभव है. आह, हाँ, इस बारे में सोचिए मत. ये घिनौनी चीज़ है – मगर कर क्या सकते हो?
वे पिकनिक वाली जगह की ओर चल पड़े. पेड़ों के पीछे से अलाव की लपटें दिखाई दे रही थीं. खुरदुरे तने जो आग को घेरे हुए थे, काली धातु में ढले प्रतीत हो रहे थे, और उनके किनारों पर लाल अस्थिर प्रकाश टिमटिमा रहा था.
 अच्छा, अगर मैं अपने आप को सुधार लूँ तो? रोमाशोव ने पूछा, अगर मैं वह सब हासिल कर लूँ, या उससे भी कहीं ज़्यादा, जो तुम्हारा पति चाहता है, तब?
 तब – हाँ, हाँ, हाँ, हाँ...
वे बाहर मैदान में निकल आए थे. अब पूरा अलाव नज़र आ रहा था, और उसके चारों तरफ़ लोगों की काली-काली, छोटी-छोटी आकृतियाँ.
 रोमोच्का, अब आख़िरी बात, अलेक्सान्द्रा पेत्रोव्ना ने जल्दी जल्दी, उत्तेजना और दुख भरी आवाज़ में कहा. मैं आपकी शाम बरबाद नहीं करना चाहती थी, इसलिए मैंने कहा नहीं. सुनिए, अब आप कभी हमारे घर नहीं आएँगे.
अचरज और हकबकाहट से वह रुक गया.
 आख़िर क्यों? ओह, साशा!....
 चलिए, चलिए...मुझे नहीं मालूम कि ये कौन कर रहा है, मगर पति को गुमनाम ख़तों से बेज़ार कर रहे हैं. उसने मुझे दिखाए तो नहीं, मगर बातों बातों में ज़िक्र ज़रूर किया. कोई सड़क-छाप, घिनौनी बातें लिखते हैं आपके और मेरे बारे में. संक्षेप में, मैं प्रार्थना करती हूँ कि आप हमारे यहाँ न आएँ.
 साशा! उसकी ओर हाथ बढ़ाते हुए प्रार्थना के स्वर में रोमाशोव कराहा.
 आह, मुझे स्वयँ को इससे बहुत तकलीफ़ होती है, मेरे प्यारे, मेरी जान, मेरे नाज़ुक रोमोच्का! मगर यह ज़रूरी है. और, सुनिए: मुझे डर है कि वह ख़ुद आपसे इस बारे में बात करेगा...मैं मिन्नत करती हूँ, ख़ुदा के लिए, अपने आप पर काबू रखिए. मुझसे वादा कीजिए.
 अच्छा, रोमाशोव ने अफ़सोस से कहा.
 तो, बस, सब ख़त्म हो गया. अलबिदा, मेरे ग़रीब रोमोच्का. ग़रीब बेचारा! आप हाथ दीजिए. इतनी ज़ोर से दबाईये कि मुझे दर्द होने लगे. हाँ, ऐसे...ओय!...अब जाईये. अलबिदा, मेरी ख़ुशी!
अलाव तक पहुँचने से पहले वे जुदा हो गए. शूरोच्का सीधे ऊपर की ओर चली गई और रोमाशोव नीचे की ओर, चक्कर लगाते हुए, नदी के किनारे किनारे. ताश का खेल अभी ख़त्म नहीं हुआ था, मगर उनकी अनुपस्थिति को सबने भाँप लिया था. कम से कम दीत्स ने तो ऐसी बेशर्मी से अलाव की ओर आते हुए रोमाशोव की ओर देखा और इतने कृत्रिम-भद्दे ढंग से खाँसा कि रोमाशोव का दिल हुआ कि उस पर गरम गरम कोयले डाल दे.
फिर उसने देखा कि कैसे निकोलाएव ताश खेलते खेलते उठ गया और शूरोच्का को एक किनारे ले जाकर ग़ुस्साए चेहरे से बड़ी देर तक तैश में उससे कुछ कहता रहा. वह अचानक तन गई और गुस्से तथा तिरस्कार से उससे कुछ शब्द कहे. और यह बड़ा, ताक़तवर आदमी अचानक नम्रता से सिकुड़ गया और उससे दूर हट गया – चेहरे पर पालतू, मगर अपने क्रोध को छिपाने वाले जंगली जानवर जैसा भाव लिए.
शीघ्र ही पिकनिक समाप्त हो गई. रात ठंडी हो गई थी और नदी से नमी आ रही थी. प्रसन्नता का ख़ज़ाना कब का ख़त्म हो चुका था, और सभी लोग, थके माँदे, बिखर गए, अप्रसन्न, अपनी अपनी ऊब को न छिपाते हुए. रोमाशोव फिर से गाड़ी में बैठा मीखिन बहनों के सामने और पूरे रास्ते वह ख़ामोश रहा. उसकी स्मृति में बस गए थे काले ख़ामोश पेड़, और अंधेरी पहाड़ी, और उसकी चोटी पर धुंधलके का ख़ूनी लाल पट्टा, और महिला की सफ़ेद आकृति, जो अंधेरी, काली ख़ुशबूदार घास में लेटी थी. मगर फिर भी इस सचमुच के, गहरे और चुभते हुए अफ़सोस के बीच रुक रुक कर वह स्वयँ के बारे में दयनीयता से सोचता रहा: उसका ख़ूबसूरत चेहरा ग़म के बादलों से ढँक गया था.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें